हिमाचलः जनता कर्फ्यू के दिन सुबह ही खुले शराब ठेके, पुलिस ने बंद कराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को जनता कर्फ्यू के दिन भले अधिकतर बाजार बंद रहे। कई जिलों में सुबह ही शराब के ठेके खुल गए। शिमला से लेकर कांगड़ा, ऊना, बद्दी, कुल्लू समेत कई जिलों में मेडिकल स्टोर और दूध-राशन की दुकानें तक बंद और शराब की दुकानों खुली दिखीं। कुछ जगह लोगों के न पहुंचने पर ठेके बंद हो गए। कई जगह शराब ठेकों को पुलिस ने बंद कराया।
उधर, सिरमौर जिले के राजबन में एक सीमेंट उद्योग में कई कर्मचारी काम करने पहुंच गए। हालांकि, यहां भी पुलिस के पहुंचने के बाद प्रबंधन ने प्लांट में छुट्टी के आदेश कर दिए। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह सात से रात नौ बजे तक जनता से घर से न निकलने की अपील की थी। पीएम ने इसके लिए लोगों से सहयोग की अपील की थी, जिससे वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस को देश में तीसरी स्टेज में आने से रोका जा सके।
प्रदेश की जयराम सरकार ने इस जनता कर्फ्यू की मियाद को बढ़कर रविवार सुबह सात बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक करने का एलान किया। राजधानी शिमला के माल रोड से सर्कुलर रोड, सिरमौर, ऊना, बद्दी में शराब के ठेके खुले मिले। ठेकेदारों ने दलील दी कि शराब को सैनिटाइजर के रूप में इस्तेमाल करने के लिए लोग खरीद रहे हैं। साथ ही उन्हें विभाग या सरकार से बंद करने के आदेश नहीं मिले हैं। कुछ जगह ग्राहक न आने पर ठेके बंद हो गए, जबकि कुछ जगहों पर पुलिस ने सख्ती कर जबरन ठेके बंद करा दिए।
जनता कर्फ्यू कहने को तो जनता की ओर से किया जाना था और सरकार आधिकारिक रूप से सिर्फ लोगों से इसमें भागीदारी की अपील कर रही थी, लेकिन शिमला समेत कई स्थानों पर सड़क पर गुजरने वालों को पुलिस टोकती नजर आई। जरूरी काम से निकलने वालों को पुलिस कारण पूछने के लिए रोक टोक करती रही और वाजिब कारण न मिलने पर घर जाने की सख्त सलाह देती रही।