Himachal News: जगत नेगी बोले- इस बार किलो के हिसाब से बिकेगा सेब, सख्ती से लागू करेंगे नियम
मंत्री ने शनिवार को जुब्बल-कोटखाई के गुम्मा, खड़ापत्थर और अणु में प्रस्तावित कोल्ड स्टोर के लिए चयनित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल कार्टन के मानकों के अनुसार अधिकतम 24 किलो सेब प्रति बॉक्स बिकेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस सीजन में हिमाचल का सेब सभी मंडियों में किलो के हिसाब से बिकेगा। इस नियम को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए हैं। मंत्री ने शनिवार को जुब्बल-कोटखाई के गुम्मा, खड़ापत्थर और अणु में प्रस्तावित कोल्ड स्टोर के लिए चयनित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल कार्टन के मानकों के अनुसार अधिकतम 24 किलो सेब प्रति बॉक्स बिकेगा। कहा कि इस नियम को लागू करने के लिए सरकार स्थानीय प्रशासन को भी तैनात करेगी। स्थानीय एसडीएम एवं तहसीलदार स्तर के अधिकारी नियम को लागू करने के लिए अधिकृत होंगे।
कहा कि इस बजट में सरकार ने आठ कोल्ड स्टोर बनाने का फैसला लिया है। इनमें दो कोल्ड स्टोर जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र में बनाए जाएंगे। ये कोल्ड स्टोर दो साल के भीतर बनाकर तैयार करने का लक्ष्य रखा है। पराला मंडी के आसपास करीब 40 किलोमीटर के दायरे में बोरी में लिया जाने वाला सेब इस बार क्रेट में लिया जाएगा। बागवानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक और खाद उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। बागवानी विभाग के माध्यम से बागवानों को इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बागवानी मंत्री जगत नेगी का अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कोल्ड स्टोर का निरीक्षण करने के लिए आभार जताया।
किलो के हिसाब से सेब बेचना बना चुनौती, बागवानी मंत्री ने कल बुलाई बैठक
शिमला। किलो के हिसाब से सेब बेचना बागवानों के लिए चुनौती बन गया है। आढ़ती भी तय नहीं कर पा रहे हैं कि यह कैसे संभव होगा। इसी के मद्देनजर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने एक बैठक बुलाई है। यह बैठक 24 अप्रैल को शिमला मेें होगी। इसमें राज्य बागवानी विभाग, विपणन बोर्ड के अधिकारियों काे बुलाया गया है। इसमें बागवानों और आढ़तियों से भी राय ली जा सकती है।
खड़ापत्थर और अणु में कोल्ड स्टोर बनाने से होगा लाभ
अणु में जनसभा में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि खड़ापत्थर और अणु में कोल्ड स्टोर बनने से जुब्बल-कोटखाई सहित आसपास के क्षेत्रों के बागवानों को लाभ होगा। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सर्वप्रथम गुम्मा में एचपीएमसी के स्तरोन्नत किए जा रहे कोल्ड स्टोर का दौरा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना। उन्होंने अणु में बागवानी विभाग के पीडीओ फार्म को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा देने के लिए विचार करने का भी आश्वासन दिया। फार्म में तैयार की जा रही सेब की नई किस्मों की पौध को भी जांचा और अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। कैबिनेट मंत्रियों के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, बीडीसी सदस्य समीला झगटा, निदेशक सहकारी बैंक पवन चौहान, प्रगतिशील बागवान प्रेम चौहान सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।