भारत-चीन सीमा पर आईटीबीपी ने पकड़ा संदिग्ध, पूछताछ में किए खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-चीन अधिकृत तिब्बत सीमा पर हिमाचल के स्पीति उपमंडल के लपचा में आईटीबीपी ने एक संदिग्ध विदेशी को पकड़ा है। इसे हिमाचल पुलिस के हवाले किया गया है। शातिर के कब्जे से राशन, सोस व भारत का मैप मिला है।
मामला दो मई का है। कोर्ट से आरोपी को दस मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध विदेशी की गिरफ्तारी से खुफिया एजेंसी सतर्क हो गई हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी संस्था का प्रशिक्षित सदस्य लग रहा है।
आशंका जाहिर की जा रही है कि आरोपी तिब्बत के रास्ते भारत की सरहद में घुसा। मौके पर आरोपी सीमा के समीप सोया पाया गया। आशंका जाहिर की जा रही है कि पैदल चलकर आरोपी थक गया होगा और आराम के लिए लपचा के पास सो गया जिसे आईटीबीपी के जवानों ने गश्त के दौरान देखा।
आरोपी ने कबूला, चबा दिया है सिम कार्ड
पूछताछ के बाद शक होने पर आईटीबीपी ने उसे पुलिस के हवाले किया। जिसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद मुस्ताफ हुसैन 31 निवासी मलिक गंज बांग्लादेश के रूप में हुई है।
रिमांड के दौरान आरोपी ने कबूला है कि उसने सिम कार्ड चबाकर नष्ट कर दिया है। आरोपी के कब्जे दो किलो आटा, चार बोतल सोस, टी बैग्स, 12 रुपये भारतीय करंसी बरामद हुआ है। आरोपी आईबी, सीआईडी और पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
इधर, डीएसपी काजा मुकेश ने बताया कि मामला गंभीर है। जिसे ध्यान में रखते हुए इंटरपोल से भी मदद ली जाएगी। बताया कि आरोपी हिंदी, अंग्रेजी व बंग्ला भाषा बोलना जानता है। आरोपी कहां से और किस मकसद से यहां पहुंचा है, के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।