अब प्रदेश में ही ट्रेनिंग करेंगे प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल कैडर पाने वाले प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी के बजाय हिमाचल में ही ट्रेनिंग लिया करेंगे। हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने साल 2017 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों को इस साल ट्रेनिंग के लिए पीटीसी डरोह भेज दिया है। पीटीसी डरोह में वह प्रादेश के विशेष एक्ट और रूल्स की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह फील्ड ट्रेनिंग के लिए अलग अलग जिलों में भेज दिए जाएंगे।
यह पहली बार होगा जब हिमाचल कैडर के अधिकारी हिमाचल में ही अपनी इंडोर ट्रेनिंग लेंगे। अभी तक आईपीएस बनने के बाद हिमाचल कैडर के पुलिस अफसर पहले हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग लेते थे। इसके बाद प्रदेश के एक्ट की जानकारी हासिल करने के लिए उन्हें संबंधित कैडर की ट्रेनिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेना होता था।
हिमाचल के पास अपनी कोई पुलिस अकादमी नहीं है, ऐसे में हिमाचल कैडर के प्रशिक्षु भी पंजाब के फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में ही प्रशिक्षण लेते थे। इस साल सरकार ने नई पुलिस अकादमी बनाने को लेकर कवायद शुरू की है। इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने अकादमी स्थापित होने से पहले ही प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।
पीएचक्यू ने 2017 बैच के तीन प्रशिक्षु आईपीएस को फिल्लौर भेजने के बजाय पीटीसी डरोह भेज दिया है। जहां उनका तीन हफ्ते का प्रशिक्षण चलेगा। इसके बाद सभी अलग अलग जिलों में फील्ड ट्रेनिंग के लिए चले जाएंगे। पुलिस प्रवक्ता डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए थे, जिसके बाद अब तीनों प्रशिक्षुओं की ट्रेनिंग शुरू हो गई है।