सितंबर के अंतिम सप्ताह में पीएम करेंगे अटल टनल रोहतांग का उद्घाटन: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को कुल्लू के ढालपुर मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस, आईटीबीपी, गृह रक्षक तथा एनसीसी कैडेटों के द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की आजादी के लिए सीमाओं की रक्षा करते हुए अपनी जान की परवाह न करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। देश का प्रथम परमवीर चक्र हिमाचल के मेजर सोमनाथ शर्मा को प्रदान किया गया था। इसके उपरांत कैप्टन विक्रम बत्रा और हवलदार संजय कुमार को भी यह पुरस्कार मिला। उन्होंने लद्दाख की गलवां घाटी में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रदेश के वीर सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों की पत्नियों को 15 हजार रुपये और उनकी अविवाहित बेटियों को 10 हजार रुपये प्रदान कर रही है।
स्वतंत्रता सेनानियों की बेटियों की शादी के लिए 51 हजार रुपये और उनकी पोतियों की शादी के लिए 21 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सरकारी और अर्द्ध सरकारी सेवाओं में दो प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेताओं को तीन लाख रुपये की वार्षिकी प्रदान की जा रही है। महावीर चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को दो लाख रुपये तथा वीर चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं को एक लाख रुपये की वार्षिकी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि युद्ध विधवाओं की बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते थे।
स्वर्गीय वाजपेयी ने कुल्लू के प्रीणी गांव में अपने जीवन के कुछ यादगार दिन बिताए थे। रोहतांग सुरंग का निर्माण उनका सपना था जो जल्दी ही पूरा होने वाला है। इसी वर्ष सितंबर के अंत तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे देश को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों मे अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि अटल सुरंग रोहतांग को एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश सरकार पर्यटकों के लिए इस सुरंग में विस्ताडोम बस सेवा आरंभ करने पर विचार कर रही है। कुल्लू के बिजली महादेव को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा तथा इस पर्यटन स्थल को रोपवे सुविधा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आवासहीन लोगों को आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से वर्तमान बजट में 10 हजार घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत देश के गरीब परिवार नवंबर, 2020 तक मुफ्त राशन प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी आशुतोष गर्ग को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प-1100 हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तथा सिरमौर जिला के पूर्व उपायुक्त ललित जैन को पर्यावरण संरक्षण एवं रोजगार सृजन के लिए हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विस अवार्ड वर्ष 2020 से सम्मानित किया। उन्होंने मंडी के वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध छायाकार बीरबल शर्मा को हिमाचल गौरव पुरस्कार.2020 प्रदान किया। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के जाने-माने गायक बालकृष्ण शर्मा, विख्यात चिकित्सक मंगत राम डोगरा और लोक गायक नरेंद्र ठाकुर को भी हिमाचल गौरव पुरस्कार-2020 से सम्मानित किया।
उन्होंने ऊना जिला के भरवाईं क्षेत्र के संदीप कुमार को सामाजिक एवं साहसिक कार्यों के लिए जबकि खेल के क्षेत्र में प्रशंसनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शिमला जिला की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी सुषमा वर्मा को भी सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर नशा निवारण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, जवाहर ठाकुर और सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री सत्यप्रकाश ठाकुर, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडु, कुल्लू की उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा और सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन भी उपस्थित थे। स्वतंत्रता दिवस समारोह राजभवन में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल बंडारू दतात्रेय ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस टुकड़ियों की सलामी ली।