केंद्र को लिखा पत्र, भारत-पाक मैच में नहीं दे सकते सुरक्षा
भारत-पाक के बीच 19 मार्च को होने वाले टी-20 मैच पर संकट छा गया है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में होने वाला यह टी-20 विश्व कप मैच अधर में लटक गया है। राज्य सरकार ने इस मैच के लिए सुरक्षा देने में अपनी असमर्थता जताई है। सरकार के इस फैसले पर बीसीसीआई ने आपत्ति जताई है।
बोर्ड के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य सरकार मैच के लिए सुरक्षा नहीं उपलब्ध करवा सकती। सिंह के इस पत्र भाजपा नेता ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अनुराग ने कहा, मैच पर राजनीति न करे सरकार
अनुराग ने कहा कि मैच के शेड्यूल के बारे में राज्य सरकार को पहले से जानकारी थी, लेकिन उसने उस वक्त कुछ भी चिंता नहीं जताई। उन्होंने कहा कि विश्वकप के मैचों के लिए जगहों के बारे फैसला एक साल पहले हो गया था। छह माह पहले मैच के बारे में अंतिम फैसला हो गया था। लोगों ने टिकट बुक करवा लिया है। ऐसे में अंतिम समय में ऐसा बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार स्पष्ट रूप से राजनीति कर रही है।
असम में हुए दक्षिण एशियाई खेलों के दौरान सैकड़ों पाकिस्तानी खिलाड़ियों को सुरक्षा दी गई, तब हिमाचल प्रदेश सरकार ने क्यों नहीं आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवा सकने की बात कर आप पाकिस्तान के उस दावे की पुष्टि कर रहे हैं कि उसकी टीम को भारत में खतरा है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने बीसीसीआई से कहा था कि वह प्रस्तावित मैच को रद्द कर दे या फिर स्थान बदल दे।