शराब पीकर अफसर ने दिखाई दादागिरी, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शराब पीकर कांगड़ा जिले के एक अफसर ने मैकलोडगंज से लेकर धर्मशाला थाने तक जमकर हुड़दंग मचाया। दरअसल, सारा माजरा मैकलोडगंज के एक होटल में पार्टी करने के बाद शुरू हुआ। शहर में चर्चा के अनुसार यहां पर अफसर ने प्रोवेशन पर चल रहे एक अधिकारी और अपने जिगरी कारोबारी दोस्त के साथ शराब पी।
बताया जा रहा है कि यहां से बाहर निकलने के बाद अफसर की मैकलोडगंज में कुछ पुलिस कर्मियों के साथ बहसबाजी हुई। चर्चा रही कि यहां अफसर ने पद की धौंस जमाई। इसके बाद यह अफसर अपने दोनों साथियों के साथ धर्मशाला की ओर रवाना हुआ। गाड़ी को अफसर का कारोबारी दोस्त चला रहा था। अगली सीट पर अफसर और पिछली सीट पर प्रोवेशनर अफसर बैठा था।
रात करीब पौने दो बजे धर्मशाला थाने के बाहर लगे नाके में पुलिस ने इस निजी गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी से बाहर जैसे ही अफसर बाहर निकला तो शराब के नशे में झूम रहा था। मैकलोडगंज में हुई बहस से गुस्साए अफसर झूमते हुए थाने में दाखिल हुए। वहां जाकर अफसर ने मौजूद पुलिस अधिकारी से शिकायत की कि मैकलोडगंज में पुलिस वालों ने उसके साथ बदसलूकी की है।
नशे में झूमते हुए थाने में दाखिल हो गए साहब
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मैकलोडगंज थाना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप लिखित में शिकायत करो तभी कार्रवाई हो सकती है। इस पर अफसर और भड़क गया। इस पूरे प्रकरण से थाने में खूब हुड़दंग हुआ। इसके बाद जैसे तैसे अफसर को शांत करके घर भेजा गया। अफसर की इस हरकत के बाद दिन भर जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्माया रहा।
हर गली, मुहल्ले में शराबी अफसर की चर्चा लगी रही। उच्च अधिकारी पर लोगों की समस्याओं का हल करने का जिम्मा है। ऐसे में अगर अफसर ही शराब के नशे में हुड़दंग मचाने लगे तो प्रशासनिक व्यवस्था कैसे चलेगी, इस पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। गौरतलब है कि यही अफसर इससे पहले भी एक अन्य जिले में इस तरह की घटना के कारण तबदील हो चुके हैं।