Himachal: एचआरटीसी को जल्द मिलेंगी 297 इलेक्ट्रिक बसें, उप मुख्यमंत्री ने किया प्रोटोटाइप का निरीक्षण
नई 297 इलेक्ट्रिक बसों के हिमाचल आने से पहले निगम प्रबंधन ट्रायल के लिए आए इलेक्ट्रिक बस प्रोटोटाइप का निरीक्षण बुधवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया।
विस्तार
एचआरटीसी को मिलने वाली 297 नई इलेक्ट्रिक बसों से पहले निगम प्रबंधन इसका ट्रायल कर रहा है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ट्रायल के लिए आई एक इलेक्ट्रिक बस (प्रोटोटाइप) का निरीक्षण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बस के भीतर कुछ बदलाव करने के निर्देश कंपनी के प्रतिनिधियों के दिए।
8 जनवरी से इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल चल रहा है। इसके तहत पहले दिन सोलन से अर्की वाया मांजू, दूसरे दिन सोलन से सराहां वाया नारग, तीसरे दिन शिमला से गिरीपुल वाया कुफरी चायल, चौथे दिन शिमला से जयनगर वाया शालाघाट और पांचवें दिन शिमला से घड़काहन वाया मशोबरा का ट्रायल किया गया। प्रोटोटाइप बस में 80 फीसदी बैटरी के साथ 180 किलोमीटर की दूरी तय करने की क्षमता है।
इस ट्रायल के बाद प्रबंधन कंपनी को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके देगा। इसमें बस के भीतर किए जाने वाले सुधारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके मुताबिक कंपनी नई इलेक्ट्रिक बसों को निर्माण करेगी। हैदराबाद की आलेक्ट्रा कपंनी ने प्रोटोटाइप बस ट्रायल के लिए भेजी है। इस कंपनी की बस रोहतांग पर पिछले दस वर्षो से चल रही है।
इस मौके पर एचआरटीसी के एमडी डॉ निपुण जिंदल भी मौजूद रहे। डीएम शिमला देवासेन नेगी ने बताया कि वह बस का ट्रायल ले रहे हैं। यह बस प्रदेश की सड़कों पर अच्छा परफॉर्मेंस दे रही है। उपमुख्यमंत्री ने ट्रायल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश भी दिए हैं।