क्वारंटीन पूरा करने वाले लोगों को घर पहुंचाएगी एचआरटीसी बसें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्वारंटीन का वक्त पूरा होने वाले लोगों को एचआरटीसी की बसें उनके घर पहुंचाएगी। इसके लिए हिमाचल परिवहन निगम प्रबंधन ने व्यवस्था कर ली है। प्रदेश में इस समय हजारों लोग क्वारंटीन में हैं। इनमें से कई लोग समय अवधि को पूरा कर रहे हैं तो कई लोगों ने इसे पूरा कर लिया है। इन लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एचआरटीसी प्रबंधन ने इनके लिए विशेष बसें चलाने की व्यवस्था की है। चालकों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं कि जहां तक संभव हो लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया जाए। लॉकडाउन के बाद कई जिलों के लोग दूसरे जिलों में फंसे हुए हैं। इन्हें उन्हीं जिलों में क्वारंटीन में रखा गया है।
कई जिलों में इन लोगों ने क्वारंटीन का समय पूरा कर लिया है। अब इन्हें घर भेजा जाना है। प्रशासन ने भी प्रबंधन से बसों की मांग ही है। मंगलवार को बिलासपुर, शिमला, ऊना, सिरमौर और हमीरपुर से कई लोगों को बसों से घर भेजा गया। हमीरपुर के नादौन से एक बस को सुजानपुर, पालमपुर तथा जयसिंहपुर की ओर भेजा गया, जबकि दूसरी बस को कांगड़ा होते हुए चंबा की ओर रवाना किया गया। एसडीएम किरण भड़ाना ने भी मौका पर पहुंच कर इन्हें जरूरी निर्देश दिए। इन 24 लोगों में से 16 लोग सुजानपुर, जयसिंहपुर, पालमपुर, कांगड़ा तथा जिला चंबा से संबंधित थे। जबकि आठ लोग उत्तर प्रदेश के हैं जो हमीरपुर से पैदल अपने घरों की ओर निकले थे। इन 8 लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें हमीरपुर में अपने किराए के कमरों में जाना है। लेकिन अपने किराये के कमरों में जाने के साथ ही उन्हें राशन उपलब्ध करवाया जाए।
नादौन से दो दर्जन लोगों की घर वापसी
उपमंडल नादौन के निकट मानपुल गांव स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में बीते 14 दिनों से क्वारंटीन केंद्र में रखे गए 24 लोगों की समय अवधि पूर्ण होने पर मंगलवार को उनकी घर वापसी हो गई। स्थानीय प्रशासन ने उपायुक्त हमीरपुर के निर्देश पर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद ही सब लोगों को घर भेजा। सभी लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि वह अपने घरों में पहुंचकर आगामी 14 दिनों तक घर में ही रहें और अपने परिजनों से भी उचित दूरी बनाकर रखें। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि क्वारंटीन अवधि पूरी करने वाले सभी लोगों को एचआरटीसी की बसों से उनके घरों तक छोड़ने की व्यवस्था की गई है।
शाहतलाई से क्वारंटीन में रखे 54 लोग घर भेजे
शाहतलाई में 54 लोगों को प्रशासन ने 14 दिन क्वारंटीन में पूरे होने के बाद पथ परिवहन निगम की बसों से घर भेज दिया। झंडूता के नायब तहसीलदार ने बताया कि तलाई क्वारंटीन केंद्र में रखे 57 लोगों में से 54 लोगों को 14 दिन पूरा करने पर मंगलवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर भेज दिया गया। घर भेजने से पहले स्वास्थ्य की जांच करवाई गई तथा उन्हें प्रमाण पत्र भी दे दिए गए।
सिरमौर से एक दर्जन युवा घर भेजे
उधर, तहसीलदार ददाहू रमन ठाकुर ने बताया कि दो क्वारंटीन केंद्रों में भर्ती 35 में से सिरमौर जिले से संबंध रखने वाले केवल 12 युवाओं को ही उनके घर भेजा गया है। अन्य 23 लोगों के बाहरी राज्यों के होने के कारण उनके आदेश अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्हें क्वारंटीन केंद्र में ही रखा गया है। आदेश मिलते ही उनके भेजने की व्यवस्था कर दी जाएगी।