HPU Shimla: मैट सहित बीटेक, एमएससी प्रवेश परीक्षा और बीसीए अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित
प्रदेश विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातकोत्तर और स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातकोत्तर और स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैं। इनमें एमएससी भौतिकी, एमएससी रसायन विज्ञान, एमसीए और बीटेक के परिणाम शामिल हैं। विश्वविद्यालय के विधि संस्थान ने बीए एलएलबी (ऑनर्स) पाठ्यक्रम के लिए अंतिम प्रवेश सूची भी जारी की है। एमएससी भौतिकी, एमएससी रसायन विज्ञान और एमसीए के परिणाम भी घोषित हुए हैं।
विवि के प्रौद्योगिकी संस्थान ने बीटेक प्रथम वर्ष की प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया। यह परीक्षा 12 जून को करवाई गई थी। यूआईटी की वेबसाइट पर श्रेणीवार योग्यता सूची 25 जून को अपलोड होगी। विश्वविद्यालय के विधि संस्थान के चयनित उम्मीदवारों को 29 जून की मध्यरात्रि तक अपनी सेमेस्टर शुल्क जमा करनी होगी। शुल्क जमा न करने पर प्रवेश रद्द हो जाएगा।
बीसीए अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ने बीसीए अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित कर दिया है। विवि की ओर से अप्रैल और मई में परीक्षा करवाई गई थी। इसमें फ्रेशर और री-अपीयर परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी किया गया। बीसीए फ्रेशर में 2525 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। इसमें से 1697 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसमें 97.50 फीसदी परिणाम रहा है। बीसीए में री-अपीयर परीक्षा में 365 विद्यार्थी बैठे। इसमें से 134 विद्यार्थी पास हुए। परीक्षा परिणाम 96.99 फीसदी रहा।
एचपीयू मैट का परिणाम घोषित, ऑनलाइन उपलब्ध
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने एचपीयू मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (एचपीयू मैट) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध पोर्टल के माध्यम से देख सकते हैं। एचपीयू मैट के आधार पर विश्वविद्यालय के एमबीए कार्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा। परिणाम घोषित होने के साथ ही चयन प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसलिंग और प्रवेश संबंधी आगामी सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
बीए, बीकॉम प्रवेश काउंसलिंग दो दिन और होगी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के संध्या अध्ययन विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए और बीकॉम पाठ्यक्रमों में प्रवेश काउंसलिंग की तिथियां दो दिन बढ़ा दी हैं। विभाग की जारी सूचना के अनुसार अब काउंसलिंग 24 और 25 जून को भी होगी। काउंसलिंग का समय शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। विभाग प्रशासन ने बताया कि जो अभ्यर्थी पूर्व निर्धारित तिथियों पर काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके थे या प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं, वह काउंसलिंग दौर में उपस्थित हो सकते हैं। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया है।
एचपीयू में पीएचडी प्रवेश के लिए अब 26 जून तक आवेदन
प्रदेश विश्वविद्यालय ने नियमित और पार्ट टाइम पीएचडी के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 26 जून कर दी है। डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 21 मई, 10 जून और 16 जून को जारी प्रवेश नोटिसों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित की गई थी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन की समय सीमा बढ़ाई गई है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अन्य सभी शर्तें, पात्रता मानदंड, विभागवार सीटें और चयन प्रक्रिया यथावत लागू रहेंगी। इस सत्र में एचपीयू के 32 विभागों, संस्थानों और केंद्रों में कुल 502 पीएचडी सीटों पर प्रवेश होना है। इनमें 296 नियमित, 175 पार्ट-टाइम और 31 कर्मचारी वर्ग की सीटें शामिल हैं। अभ्यर्थी अब 26 जून तक विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय ने पात्र उम्मीदवारों से निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। संवाद
एमएससी बॉटनी की वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी सीटें
सरदार पटेल विश्व विद्यालय के बॉटनी विभाग ने एमएससी बॉटनी में प्रवेश को लेकर नया नोटिस जारी किया है। नोटिस में बताया है कि 18 जून को हुई प्रवेश परीक्षा मेरिट और काउंसलिंग के आधार पर छात्रों को अस्थायी रूप से दाखिला दिया गया था लेकिन कुछ अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि (20 जून) तक प्रवेश शुल्क जमा नहीं किया है, जिसके चलते उनकी प्रोविजनल एडमिशन रद्द कर दी है। अब वेटिंग लिस्ट में शामिल पात्र अभ्यर्थियों को खाली सीटों पर दावा करने का अवसर दिया गया है। पात्र अभ्यर्थियों को 24 जून शाम चार बजे तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से शुल्क जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित करनी होगी। इधर, मंगलवार को स्पोर्ट्स और कल्चरल कोटा में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की गई। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सुनील ठाकुर ने बताया कि निर्धारित समय के भीतर फीस जमा नहीं करने पर अगली वेटिंग सूची के पात्र अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों को भुगतान की रसीद और विवरण विभाग की आधिकारिक ईमेल पर भेजनी होगी।