HPU BCom Result: बीकॉम अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित, कांगड़ा की प्रियंका ने किया टॉप
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने अप्रैल, मई माह में आयोजित की गई बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अप्रैल, मई माह में आयोजित की गई बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा के शुक्रवार को घोषित किए गए परिणाम में कांगड़ा के मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज की छात्रा प्रियंका पुत्री इंदर पाल ने टॉप किया है। प्रियंका ने इस परीक्षा में 8.73 सीजीपीए प्राप्त कर टॉप किया। वल्लभ राजकीय डिग्री कॉलेज मंडी की छात्रा सुखलीन ने 8.86 सीजीपीए लेकर दूसरा और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज की छात्रा रिया ने 8.64 सीजीपीए के साथ मेरिट में तीसरा स्थान पाया है। बीकॉम अंतिम वर्ष की विवि की ओर से जारी की गई टॉप टेन की मेरिट में छात्राओं ने बाजी मारी है। मेरिट में कुल 12 विद्यार्थियों में से 11 छात्राएं शामिल हैं।
इनमें डिग्री कॉलेज धर्मशाला की गौरी शर्मा ने 8.57 सीजीपीए के साथ चौथा, मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज कांगड़ा की महक चंबियाल ने 8.53 सीजीपीए लेकर पांचवां, डिग्री कॉलेज धर्मशाला की छात्रा अनिता देवी ने 8.48 सीजीपीए लेकर छठा स्थान, संजौली डिग्री कॉलेज की अंतरा सोनी, कुल्लू डिग्री कॉलेज के अभिषेक शर्मा और मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज कांगड़ा की प्रियंका ने सातवां, जबकि इसी कॉलेज की छात्रा निशा देवी ने 8.46 सीजीपीए प्राप्त कर आठवां, डिग्री कॉलेज संजौली की छात्रा अमिशा शर्मा ने 8.42 सीजीपीए के साथ नौंवा और महराणा प्रताप डिग्री कॉलेज अंब की रूपाली ने 8.41 सीजीपीए के साथ मेरिट में दसवां स्थान पाया है। विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम को अपने लॉग इन आईडी का उपयोग कर ऑनलाइन देख सकते हैं।
बी कॉम का 96 फीसदी रहा है परीक्षा परिणाम: प्रो. कौशल
बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम 96 फीसदी रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि इस परीक्षा में बैठे कुल 4,273 विद्यार्थियों में से 3,575 विद्यार्थी उर्तीण हुए हैं, जबकि सिर्फ 76 विद्यार्थी फेल हुए हैं और 527 की कंपार्टमेंट आई है। बीकॉम अंतिम वर्ष के 95 विद्याार्थियों का परिणाम अवार्ड नहीं आने या अन्य कारणों से घोषित नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा बीकॉम अंतिम वर्ष के घोषित परिणाम की मेरिट में सेटल न हुए विद्यार्थियों के परिणाम आने के बाद बदलाव भी संभव है।
बीसीए अंतिम सेमेस्टर का परिणाम भी किया घोषित
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों में आयोजित की गई बीसीए अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम भी शुक्रवार को घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में अपीयर हुए 1850 विद्यार्थियों में से 889 विद्यार्थी उर्तीण घोषित किए गए हैं। परीक्षा परिणाम का पास प्रतिशत 75.35 फीसदी रहा है। छात्रों के परीक्षा परिणाम को ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया है, छात्र अपने लॉग इन आईडी के माध्यम से परीक्षा परिणाम देख सकते हैं और अपनी अंक तालिका को डाउनलोड कर सकते हैं।