नकलची पकड़ने वाले एसडीएम को परीक्षा केंद्र से दूर रहने की सलाह, पढ़ें पूरा मामला
वेश बदलकर कांगड़ा जिले के मझेड़ा स्कूल में एसओएस परीक्षा केंद्र में निरीक्षण कर नकल के 16 केस पकड़ने वाले एसडीएम जयसिंहपुर डॉ. विक्रम महाजन को फ्लाइंग दस्ते की ड्यूटी से दूर रहने की सलाह दी गई है। शिक्षा बोर्ड सचिव ने इस बारे में बुधवार को आदेश जारी किए हैं। शिक्षा बोर्ड सचिव के आदेश में एसडीएम जयसिंहपुर पर आरोप है कि उनकी अध्यक्षता में गठित फ्लाइंग दस्ते की टीम ने परीक्षा केंद्र में महिला परीक्षार्थी की तलाशी पुरुष स्टाफ और अन्य परीक्षार्थियों के सामने ली।
शिक्षा बोर्ड के नियमों और महिला के सम्मान को ध्यान में रखते हुए ऐसा करना गलत है। एसडीएम जयसिंहपुर लगातार नकल के केस पकड़ रहे थे। गंदड़ परीक्षा केंद्र में एसडीएम ने स्टाफ को नकल करवाते हुए पकड़ा था। जयसिंहपुर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी फुटेज के दौरान एसडीएम ने पाया था कि स्टाफ परीक्षार्थियों को नकल करवाने में मदद कर रहा था। मझेड़ा परीक्षा केंद्र में 16 मार्च को एसडीएम ने नकल के 16 केस बनाए थे। इसी परीक्षा केंद्र में एक महिला परीक्षार्थी की चेकिंग के दौरान 74 पर्चियां निकली थीं।
बंद कमरे में होनी चाहिए थी महिला की चेकिंग : चेयरमैन
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सुरेश कुुमार सोनी ने कहा कि एसडीएम जयसिंहपुर की फ्लाइंग दस्ते की टीम पर आरोप है कि पुरुष स्टाफ के सामने महिला परीक्षार्थी की चेकिंग की। यह महिला के सम्मान को ठेस की बात है। महिला परीक्षार्थी की चेकिंग बाहर ले जाकर किसी दूसरे बंद कमरे में भी हो सकती थी।
बेटियों की चेकिंग बेटियों ने की
एसडीएम जयसिंहपुर डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि शिक्षा बोर्ड ने आगामी परीक्षाओं में फ्लाइंग ड्यूटी से दूर रहने को कहा है। इस पर मुझे कुछ नहीं कहना। फ्लाइंग ड्यूटी के दौरान बेटियों की चेकिंग बेटियों ने की। लड़कों की चेकिंग पुरुष स्टाफ ने की।
जिस महिला परीक्षार्थी का हवाला दिया जा रहा है, चेकिंग के दौरान उसके पास से 74 पर्चियां निकली हैं। अगर महिला परीक्षार्थी की बाहर किसी और बंद कमरे में बिना सीसीटीवी की निगरानी में चेकिंग की जाती तो उसके बाद परीक्षार्थी के मुकरने पर फ्लाइंग दस्ता खाली हाथ रह सकता था।