बारिश हो या धूप 5 किमी पैदल चलकर स्कूल पहुंचती है रिया, बनीं टॉपर
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के दसवीं के नतीजों में बढ़ई (कारपेंटर) और किसान के बेटे-बेटी ने भी मेरिट में स्थान पाया है। नाहन की रिया सैनी बारिश हो या धूप रोजाना पांच किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचती है। किसान के बेटे-बेटियां स्कूल से आने के बाद पहले अपने माता-पिता के साथ खेत में हाथ बंटाते हैं फिर अपना होमवर्क और पढ़ाई करते हैं।
उनकी एक ही इच्छा है कि वे डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस बनकर अपने मम्मी-पापा के सपनों को साकार करेंगे। मेरिट सूची में नौवें स्थान पर रही कॅरिअर अकादमी स्कूल की आंचल सैनी आईआईटी में जाना चाहती हैं। बेहद सौम्य और मधुरभाषी आंचल सैनी ने बताया कि उसके पिता सुनील सैनी किसान और माता कुसुम सैनी हाउस वाइफ हैं।
वह सफलता से बहुत खुश हैं। आंचन ने बताया कि वह रोजाना स्कूल के अलावा 4-5 घंटे पढ़ाई को देती हैं। उसने अपनी सफलता का श्रेय अध्यापकों और माता-पिता को दिया है। मेरिट सूची में दसवें स्थान पर रही एसवीएन पब्लिक स्कूल नाहन की रिया सैनी एयरफोर्स में जाना चाहती है।
खेतों में बंटाता था पिता का हाथ, अभिषेक ने पाए 683 अंक
जाबल का बाग निवासी रिया के पिता रमनदीप सैनी त्रिलोकपुर ट्रस्ट में कार्यरत हैं जबकि माता पूनम सैनी हाउस वाइफ हैं। रिया, रोजाना पांच किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आती हैं। उसे आने-जाने में दो घंटे लगते हैं। रोजाना गर्मी-सर्दी-बारिश के थपेड़ों ने उसके हौसले जरा भी पस्त नहीं किए। रिया ने बताया कि वह स्कूल के अलावा रोजाना पांच घंटे पढ़ाई करती थी।
उसकी सफलता का श्रेय उसके शिक्षकों और माता-पिता को जाता है। दसवें स्थान पर रहे राजकीय उच्च विद्यालय जसौर के छात्र तनुज धीमान का इरादा प्रशासनिक अधिकारी बनना है। तनुज ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने अध्यापकों और परिजनों को दिया है। बताया कि उनके पिता वरिंदर धीमान गांव में ही कारपेंटर का कार्य करते हैं जबकि माता सुरेखा देवी एक गृहिणी हैं।
कुल्लू। राजकीय आदर्श माध्यमिक पाठशाला भुट्टी के छात्र अभिषेक ने रात दिन पढ़ाई कर सूबे में 683 अंक लेकर आठवां प्राप्त किया है। उनके माता-पिता किसान हैं ओर खेतीबाड़ी कर अपने बच्चे की पढ़ाई कर रहे हैं। पिता प्रताप चंद और माता शीला देवी ने बेटे की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है। पिता प्रताप ने कहा कि वह अपने बेटे की पढ़ाई को किसी तरह की कमी नहीं रखेंगे।
प्रवासी मजदूर की बेटी ने लिए 95 फीसदी अंक, स्कूल में किया टॉप
बरमाणा (बिलासपुर)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से यहां करीब पंद्रह साल पहले मेहनत मजदूरी करने आए युगल सुरेश चंद्र की बेटी ने ज्योतिमा चौधरी ने 700 में से 662 अंक (95 प्रतिशत) लेकर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया है।
वह हरनोड़ा के नैहर स्थित कोल वैली पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। ज्योतिमा की मां सुमन गृहिणी है, लेकिन परिवार चलाने में मदद भी करती है। विपरीत परिस्थितियों में भी ज्योतिमा की पढ़ाई पर कोई आंच नहीं आने दी।