Mandi: एचपी शिवा परियोजना से बदली खगराओं गांव के किसानों की तकदीर, 11.5 हेक्टयेर में तैयार किया प्लम का बगीचा
बागवानी विभाग द्वारा खगराओं गांव के 36 किसानों का एक क्लस्टर बनाया गया। गांव के 36 किसान परिवारों ने हिमाचल प्रदेश शिवा परियोजना में 11.5 हेक्टयेर में प्लम का बगीचा तैयार कर उदाहरण पेश किया है।
विस्तार
सरकार की महत्वकांक्षी योजना, बागवानी विभाग के सहयोग और किसानों की मेहनत से सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र का गांव खगरांओ एक फल गांव के रूप में विकसित हो रहा है। बागवानी विभाग द्वारा खगराओं गांव के 36 किसानों का एक क्लस्टर बनाया गया। गांव के 36 किसान परिवारों ने हिमाचल प्रदेश शिवा परियोजना में 11.5 हेक्टयेर में प्लम का बगीचा तैयार कर उदाहरण पेश किया है। यहां प्लम की चार किस्मों ब्लैक एंबर, रेड ब्यूट, सेंटा रोसा, फ्रायर के लगभग 7,428 पौधे लगाए गए हैं।
इससे जंगली और बेसहारा जानवरों के प्रकोप और सिंचाई की सुविधा के अभाव में अनुपयोगी भूमि भी किसानों की अच्छी कमाई का जरिया बन गई है। किसानों की मेहनत व सरकार के सहयोग से बंजर भूमि गुलजार होने से पूरे गांव की तस्वीर और तकदीर बदल गई है। विभाग की ओर से किसानों को बगीचों में भूमि विकास, सिंचाई सुविधा के लिए टपक सिंचाई सुविधा, दो लाख लीटर क्षमता का टैंक, पंप हाउस, दो बोरवेल, बिजली उपलब्धता के लिए बिजली का ट्रांसफार्मर, सोलर बाड़बंदी, मशीनरी, कृषि उपकरण, उर्वरक, कीटनाशक निःशुल्क उपलब्ध करवाए गए हैं।
सुंदरनगर की ग्राम पंचायत भलाणा के लाभार्थी व क्लस्टर के प्रधान संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने प्लम का बगीचा वर्ष 2021 में एचपी शिव परियोजना के तहत लगाया है। इसमें चार किस्म के प्लम लगाए गए हैं। उसके बाद वर्ष 2022, 23 और 24 में भी पौधे लगाए गए। इसमें हम 36 किसान जुड़े हुए हैं। इस वर्ष 400 पौधों में लगभग पांच क्विंटल प्लम की फसल तैयार हुई है, जिसका अच्छा दाम भी मिला है। प्लम अधिकतम 195 रुपये प्रति किलो और न्यूनतम 100 रुपये प्रति किलो से कम नहीं बिका है खगराओं गांव की लाभार्थी तपस्या व अमर सिंह ने कहा कि पहले वह गेहूं और मक्की बीजते थे तो बंदरों और सूअरों के आतंक से कोई लाभ प्राप्त नहीं होता था।
पहले खगराओं गांव में कोई भी बगीचा नहीं था, शिवा परियोजना के आने से वह अपने भाग्य का उदय समझते हैं। पहले उनके बच्चे खेतों में आने से कतराते थे लेकिन अब बच्चे भी बगीचे के काम में रुचि ले रहें हैं। बागवानी विभाग सुंदरनगर के विषयवाद् विशेषज्ञ डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि विकास खंड सुंदरनगर में एचपी शिवा परियोजना फेज़-1 के अन्तर्गत 84 हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद, प्लम, मौसमी और जापानी फल के लगभग 54,728 पौधे लगाए गए हैं। आगामी महीनों में लीची के 9,375 पौधे भी लगाए जाएंगे और इससे 254 किसान परिवार लाभान्वित हुए हैं। अगामी वर्षों में तैयार किए जाने वाले बगीचों के लिए विकास खंड सुंदरनगर में एचपी शिवा परियोजना फेज-2 के अंर्तगत 50 हेक्टेयर क्षेत्र भूमि का चयन किया जा चुका है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
