HP Politics: विक्रमादित्य सिंह बोले-कंगना रणौत पर आरएसएस स्पष्ट करे अपनी स्थिति
मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने आएसएस से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने आएसएस से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में विक्रमादित्य सिंह ने आरएसएस से इस बात को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। पूछा कि क्या आरएसएस भाजपा प्रत्याशी का समर्थन कर रही है या नहीं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों में कंगना ने खान-पान को लेकर जो बातें कही थीं, आज उनपर आरएसएस का स्पष्टीकरण आना जरूरी है। क्योंकि कंगना हिंदुत्व का झंडा लेकर चल रही हैं। हालांकि, उन्हें कंगना के खान-पान को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। यह उनका व्यक्तिगत मामला है, लेकिन आरएसएस विश्वव्यापी प्रतिष्ठित संगठन है। ऐसे में आरएसएस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या ऐसे प्रत्याशी का समर्थन कर रहा है या नहीं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरएसएस का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
कंगना को सेरी मंच पर खुली बहस की चुनौती
विक्रमादित्य सिंह ने कंगना की ओर से उन्हें और राहुल गांधी के लिए किए गए शहजादे शब्द के इस्तेमाल पर पूछे गए प्रश्न के जबाव में कहा कि कंगना क्या बोलती हैं उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन कंगना एक ऐसी भाषा का इस्तेमाल देवभूमि में आकर कर रही हैं, जिसे मुंबई में टपोरी कहा जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसी शब्दावली के लिए वे कंगना को सिर्फ नमस्कार ही करना चाहते हैं। विक्रमादित्य ने कंगना को मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि कंगना अपना विजन स्पष्ट करें और मंडी के सेरी मंच पर मीडिया और बुद्धिजीवी वर्ग के समक्ष आकर मुझसे बहस करें। कहा कि कंगना जिस भी क्षेत्र में जा रही हैं, वहां परिधानों को इस तरह से बदल रही हैं जैसे कोई फिल्म की शूटिंग चल रही हो। उन्होंने यहां की संस्कृति और सभ्यता की कोई जानकारी नहीं है।
मंडी लोकसभा सीट से भाजपा ने उतारा पैराशूट प्रत्याशी : प्रतिभा
भाजपा को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए दूसरे जिले से उम्मीदवार लाना पड़ा और अब मंडी लोकसभा चुनाव के लिए भी किसी भाजपा कार्यकर्ता को चुनाव में खड़ा न कर मुंबई से एक अभिनेत्री को लाना पड़ा। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कलेडा-मझोली टिक्कर में आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि आप समझ सकते हैं कि भाजपा का कोई स्थानीय कार्यकर्ता उनके बैनर में चुनाव भी नहीं लड़ सकता। इसके विपरीत जहां तक कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह का सवाल है तो भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि एक लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत वह युवा अध्यक्ष बने और उसके बाद लोगों ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए जनता ने उन्हें एक बार नहीं, तीन बार अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए विधानसभा में भेजा। उनके काम करने के तरीके और विधानसभा में मुद्दों को रखने की उनकी काबिलियत के उनके राजनैतिक विरोधी भी कायल है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा। इस दौरान शिमला जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, रामपुर ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष चुन्नी लाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कंगना के पीआरओ बन मंच का संचालन कर रहे जयराम : संजय
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी ने भाजपा को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए कहा कि जिस पार्टी के नेताओं ने कोविड के दौरान पीपी किट, सैनिटाइजर और मास्क तक के घोटाले किए हों, आज वह खुद के ईमानदार होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को उस समय अपने पद से इस्तीफा तक देना पड़ा था। भाजपा के नेता आज कांग्रेस पर झूठे व आधारहीन आरोप लगाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सोमवार को जारी बयान में अवस्थी ने कहा कि जयराम ठाकुर कंगना के पीआरओ बनकर उनका स्टेज संचालन कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को मंडी संसदीय सीट पर जिस प्रकार पसीना बहाना पड़ रहा है, उसे देखकर उन पर तरस आ रहा है। मंडी संसदीय क्षेत्र में उनके प्रत्याशी की हार निश्चित है। लोग अभिनेता को नहीं, नेता को पसंद करते हैं। जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि छल-कपट से भाजपा ने राज्यसभा की सीट को जीता है, जबकि बहुमत कांग्रेस के पास है। जयराम सीएम रहते हुए प्रदेश में मंडी संसदीय सीट सहित प्रदेश के तीन उपचुनाव बुरी तरह हारे थे, उस समय उन्होंने अपना मुख्यमंत्री का पद क्यों नहीं छोड़ा।