हिमाचल सियासत: जयराम ठाकुर बोले- ताले लगाने वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाने जाएंगे सुक्खू
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने संस्थानों को बंद करने और चुनावी गारंटियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिसे जनता ताले वाला मुख्यमंत्री कह रही है।
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को अर्की के शालाघाट मैदान में आयोजित पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिसे जनता ताले वाला मुख्यमंत्री कह रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय पिछली भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए करीब ढाई हजार संस्थानों पर ताले लगा दिए हैं।
मुख्यमंत्री के योद्धा वाले पोस्टरों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल झूठ बोलने के योद्धा हैं। सीएम के लंबे समय के लिए आने वाले बयान पर पलटवार करते हुए ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की उम्र लंबी हो, लेकिन सरकार की उम्र लंबी नहीं हो सकती। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधायक दिन-रात मुख्यमंत्री के साथ रहते हैं और उनके खासमखास हैं, लेकिन काम के नाम पर क्षेत्र में कुछ नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्की क्षेत्र में दाड़लाघाट का बीडीओ कार्यालय, जयनगर में लोक निर्माण विभाग और कुनिहार में जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय को डीनोटिफाई कर दिया गया।
पंचायती चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकारा : बिंदल
समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की जीत ने कांग्रेस सरकार के प्रति जनता के अविश्वास को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने महिलाओं को 1,500 रुपये और युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने की गारंटियों को झूठा बताते हुए बिजली बिलों और महिलाओं के 72 हजार रुपये के बकाया हक पर सरकार को घेरा। बिंदल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस की विदाई तय करेगी।
