इस साल एक साथ मिलेगी साढ़े 12 लाख बच्चों को वर्दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को इस साल मई महीने में स्कूल यूनिफार्म मिल जाएगी। मंगलवार को सरकार की हाई पावर कमेटी ने दो साल के लिए एक बार में यूनिफार्म खरीद के लिए टेंडर जारी करने को मंजूरी दे दी।
अधिकारियों का दावा है कि तीन महीने के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बच्चों तक यूनिफार्म बांटने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए हिमाचल सरकार सीधे मिल मालिकों से कपड़ा खरीद करेगी। इससे एक साथ बच्चों को यूनिफार्म देने में आसानी होगी।
साथ ही एक बार में ज्यादा आर्डर करने से सरकारी खजाने पर बोझ भी कम होगा। हर साल आधा सत्र बीतने के बाद भी यूनिफार्म का वितरण नहीं हो पाता था। इससे बच्चों को तो परेशानी होती ही थी। साथ ही सरकार की भी खासी किरकिरी होती थी।
एक साथ दो साल के लिए खरीदी जाएगी वर्दी
इसी वजह से इस साल सरकार ने दो साल के लिए एक साथ वर्दी खरीदने का निर्णय लिया। इस संबंध में सरकार ने एक हाई पावर कमेटी भी गठित की थी। मंगलवार को इस कमेटी ने खरीद के संबंध में टेंडर जारी करने को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद एक बार में दो साल की यूनिफार्म खरीद की जाएगी। इससे बच्चों को समय से वर्दी तो मिलेगी।
साथ ही एक बार में ज्यादा आर्डर देने की वजह से खरीद की कीमत पर भी असर पड़ेगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान ने बताया कि कपड़े की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दे दी गई है। इस बात का पूरा प्रयास किया जाएगा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर तीन महीने के अंदर बच्चों को वर्दी उपलब्ध करा दी जाए।
धीमान ने बताया कि हर साल डिस्ट्रिब्यूटर्स से कपड़ा खरीदा जाता था। इस प्रक्रिया की वजह से सामान लेट होने और कम होने की परेशानी रहती थी। इस बार टेंडर में ऐसी कंपनियों को बुलाया जाएगा जो सीधे अपनी मिल से यूनिफार्म का कपड़ा सप्लाई कर सकें।