बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर, सरकार दिलाएगी नौकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में अब 16 से 45 साल तक की उम्र वाले कम पढ़े-लिखे और निरक्षर लोग घर में बेकार नहीं बैठेंगे। हर बेरोजगार को सरकार नौकरी दिलाएगी। यह संभव होगा कौशल विकास निगम की पहल से। केंद्र प्रायोजित योजना के तहत निगम हर युवा को नौकरी मुहैया कराएगा। केंद्र राज्य सरकार को प्रशिक्षक देगा।
ये प्रशिक्षक छह महीने से एक साल तक युवाओं को मोटर मेकेनिक, फैशन डिजाइनिंग, वायर मैन, ट्रैक्टर मेकेनिक, टर्नर, टेलरिंग, ड्रेस मेकिंग, आईटी एंड इलेक्ट्रिक सिस्टम, ड्राफ्ट्स मैन आदि का मुफ्त प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद युवाओं को उद्योगों में नौकरी दिलाई जाएगी। अगर किसी व्यक्ति ने पहले से ही किसी भी ट्रेड में प्रशिक्षण लिया हो तो उसे भी उद्योग में नौकरी सरकार दिलाएगी।
ये सुविधाएं भी देगी सरकार
किन्हीं वजहों से जो लोग घर से बाहर नहीं जा सकते, उनके लिए गांव में स्वरोजगार का इंतजाम किया जाएगा। अगर किसी के पास जमीन कम है तो प्रदेश सरकार उसे फसल उगाने के लिए जमीन भी देगी। लोगों की ओर से तैयार किए जाने वाले पदार्थों को अच्छी मार्केट में बेचा जाएगा ताकि घर बैठे अच्छे दाम मिल सकें।
महिलाओं को मिलेंगी स्वेटर बुनने की मशीनें
महिलाओं को स्वेटर बुनाई, सिलाई, कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर मशीनें भी दी जाएंगी। ऐसा इसलिए ताकि महिलाएं प्रोड्क्ट तैयार कर उन्हें अच्छे दामों पर बेच सकें। उद्योगों का भी इन महिलाओं से सीधा संपर्क रहेगा।
मुफ्त दिया जाएगा प्रशिक्षण
हिमाचल में नौजवानों को नेशनल स्किल डेवलपमेंट एजेंसी प्रशिक्षण देगी। युवाओं को यह प्रशिक्षण मुफ्त दिया जाएगा। ऐसे में उन्हें कुछ सीखने के लिए पैसे खर्चने की भी जरूरत नहीं रहेगी। ऐसे में आप भी जल्द ही इस योजना का फायदा उठाने के लिए तैयार हो जाएं।
कौशल विकास निगम के एमडी राजेश शर्मा का कहना है कि हिमाचल के हर युवा को प्रशिक्षित कर नौकरी दिलाई जाएगी। कौशल विकास निगम की टीमें गांव-गांव जाकर बेरोजगारों की पहचान करेंगी। उसके बाद इन्हें समूहों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।