खुल सकता है नौकरियों का पिटारा, वीरभद्र कैबिनेट की बैठक आज
हिमाचल सरकार की मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश में नए खोले जा रहे मेडिकल कॉलेजों के फीस स्लैब का मामला जाएगा। इसमें नए खोले जा रहे मेडिकल कॉलेजों के लिए फीस का निर्धारण होगा। इसके अलावा पीजीटी के 500 पदों को भरने पर भी निर्णय संभव है।
स्वास्थ्य, गृह और अन्य महकमों में भर्तियों पर फैसला हो सकता है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक शुक्रवार को लगभग एक बजे तय की गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में पारित करने के लिए भेजे जा रहे विधेयकों पर भी चर्चा होगी।
इनमें एंटी टोबेको बिल समेत कई अन्य विधेयकों के प्रारूपों पर चर्चा संभव है। स्वास्थ्य शिक्षा निदेशालय ने फीस स्ट्रक्चर भी तैयार कर लिया है। नए ढांचे के तहत सभी नए मेडिकल कॉलेजों की फीस सेल्फ फाइनेंस से तय की जाएगी।
इतनी हो सकती है नई फीस
सूत्रों की मानें तो इसके मुताबिक मेरिट के आधार पर दाखिला लेने के लिए पांच लाख रुपये तक की फीस देय होगी। मैनेजमेंट कोटे के तहत दाखिले होने पर नौ लाख रुपये और एनआरआई कोटे से एडमिशन होने के लिए पंद्रह लाख रुपये फीस निर्धारित होगी।
मंत्रिमंडल इस पर फैसला ले सकता है। अगस्त अंत से नाहन मेडिकल कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रधान सचिव शिक्षा की ओर से पीजीटी के 500 पदों को भरने का प्र्रस्ताव भी मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जा सकता है।
होमगार्डों पर भी आ सकता है फैसला
इस बैठक में राज्य के कई स्कूलों को अपग्रेड करने पर भी फैसला ले सकते हैं। होमगार्डों के कल्याण नियमों को बनाने का मामला भी मंत्रिमंडल में जा सकता है। इसके अलावा कुछ दमकल अधिकारियों के सेवा विस्तार का मामला भी कैबिनेट में ले जाने की तैयारी है।
सोलन के कंडाघाट स्थित बाबा अरमनाथ के आश्रम को लीज पर जमीन देने का फैसला हो सकता है।