HP Congress: चर्चा प्रभारी संगठन से बनाएंगे तालमेल, जनता के सुझाव सरकार तक पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चर्चा प्रभारी पार्टी और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु के तौर पर कार्य करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के विकास पर चर्चा प्रभारी सरकार और संगठन के लोगों में तालमेल बनाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चर्चा प्रभारी पार्टी और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु के तौर पर कार्य करें। सरकार की नीतियों, योजनाओं और निर्णयों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं और आम जनता की प्रतिक्रिया व सुझाव सरकार तक पहुंचाएंगे। सुक्खू ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में काम करें, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखें और उनके सुझावों को प्राथमिकता दें।
शनिवार को ओकओवर शिमला में सीएम ने कांग्रेस के विकास पर चर्चा प्रभारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सभी 21 प्रभारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने रखी। बैठक में संगठनात्मक स्थिति, धरातल पर कार्यकर्ताओं की समस्याएं, सुझाव और स्थानीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। वहीं, प्रदेश प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहित में अनेक दूरगामी और सकारात्मक निर्णय लिए हैं, जिनके परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और ग्रामीण जनता को सीधा लाभ देने के जो प्रयास किए जा रहे हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाना विकास पर चर्चा प्रभारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास पर चर्चा प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि ब्लॉक स्तरीय शिकायत निवारण समितियां और बीस सूत्री समितियां नियमित रूप से बैठकें करें, जिससे स्थानीय स्तर पर समन्वय और समस्या समाधान प्रभावी ढंग से हो सके।
मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि सभी प्रभारी स्थानीय नेतृत्व के साथ मिलकर कार्य करें, जिससे सरकार और संगठन के बीच समन्वय मजबूत हो और जनता तक सरकार की नीतियों का लाभ तेजी से पहुंच सके। विकास चर्चा प्रभारी एवं भोरंज के कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि चर्चा काफी सार्थक रही है। उन्होंने कहा कि सभी विकास चर्चा प्रभारी सरकार और संगठन कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल का काम करेंगे। योजनाओं की वस्तुस्थिति से सरकार को अवगत करवाएंगे।