Hot air balloon: बिलासपुर में हॉट एयर बैलून राइड शुरू, आसमान से दिखेगा गोबिंदसागर झील का नजारा, देखें वीडियो
बिलासपुर में पर्यटक अब गोबिंदसागर झील का नजारा आसमान से देख सकेंगे। शुक्रवार को मंडी भराड़ी के पास हॉट एयर बैलून राइड शुरू हो गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पर्यटक अब गोबिंदसागर झील का नजारा आसमान से देख सकेंगे। शुक्रवार को मंडी भराड़ी के पास हॉट एयर बैलून राइड शुरू हो गई है। इसके साथ ही ऑफ रोड बाइक और पैरामोटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई हैं। एक राइड के लिए 1500 रुपये देने होंगे। बिलासपुर में अब पर्यटक हॉट एयर बैलून रइड का अनुभव ले सकते हैं। किरतपुर नेरचौक फोरलेन पर मंडी भराड़ी पुल के पास यह राइड शुरू हुई है, जो प्राकृतिक नजारों का अनोखा अनुभव प्रदान करेगी।
क्या है हॉट एयर बैलून
हॉट एयर बैलून एक बड़ा गुब्बारा होता है, जिसे गर्म हवा से उड़ाया जाता है। इसके निचले हिस्से में एक बास्केट होती है, जिसमें सवारियां खड़ी होती हैं। बैलून में लगे बर्नर से हवा को गर्म किया जाता है, जिससे बैलून ऊपर उठता है। यह पूरी तरह से सुरक्षित है और पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करता है। प्रशासन ने राइड को जनवरी में ट्रायल के रूप में शुरू किया था, जो सफल रहा और अब यह सुविधा पर्यटकों के लिए उपलब्ध है। हॉट एयर बैलून के उड़ने के बाद बिलासुपर उन चुनिंदा स्थानों में शामिल हो जाएगा, जहां पर्यटक हवाई यात्रा के दौरान प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य पूरे वर्ष पर्यटकों को आकर्षित करना है। यह स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ नए रोजगार अवसरों का भी सृजन करेगा।
हॉट एयर बैलून राइड शुरू करने से पहले जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया गया, जिनमें डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन से लाइसेंस प्राप्त करना और पायलटों को प्रमाणित करना शामिल था। अब राइड पूरी तरह से सुरक्षित और रोमांचक अनुभव के रूप में पर्यटकों के लिए उपलब्ध है। एडवेंचर कंपनी के प्रबंधक अजय हांडा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधि पहली बार शुरू हुई है। यह बिलासपुर को पर्यटन मानचित्र पर एक नया स्थान दिलाएगी।
ऑफ रोड बाइक के लगेंगे 300 रुपये
हॉट एयर बैलून रड्ड के साथ-साथ पर्यटक अब ऑफ रोड बाइक राइड और पैरामोटर का भी मजा ले सकते हैं। मंडी भराड़ी में पर्यटक झील के किनारे ऑफ रोड बाइक राइड का आनंद उठा सकते हैं। एक व्यक्ति के लिए बाइक राइड की कीमत 300 रुपये है, जबकि दो व्यक्तियों के लिए यह 500 रुपये होगी। यह सुविधा पहले मनाली और किन्नौर जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध थी, लेकिन अब विलासपुर में भी यह सुविधा शुरू हो गई है। इसके अलावा, पैरामोटर राइड भी शुरू कर दी गई है, जो और भी रोमांचक अनुभव प्रदान करेगी।