CAA पढ़कर बताएं राहुल बाबा, कहां लिखा है नागरिकता छीनने का प्रावधान: अमित शाह
नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) पर मचे बवाल के बीच शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह ने शिमला के रिज मैदान से विरोधियों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को चुनौती दी कि सीएए में कहीं भी अल्पसंख्यकों की नागरिकता छीनने का प्रावधान है तो वह बताएं। कहा कि कांग्रेस एंड कंपनी सीएए पर अफवाह फैला रही है। राहुल बाबा को चैलेंज देता हूं कि पूरा एक्ट पढ़कर बता दें कि कहां लिखा है नागरिकता छीनने का प्रावधान।
उन्होंने जनता से अपील की कि सरकार की वेबसाइट पर बिल देखें। इस पर कांग्रेस एंड कंपनी अफवाह फैला रही है कि मुसलमानों की नागरिकता जाने वाली है। शाह ने कहा कि इसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जो आए हैं, उन्हें नागरिकता देने का प्रावधान है।
शाह जयराम सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जश्न के दौरान रिज मैदान पर आयोजित जनसभा में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोनिया और मनमोहन की सरकार दस साल चली।
पाकिस्तान से हर रोज आलिया, मालिया, जमालिया घुस आते थे। हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। प्रधानमंत्री का मुंह नहीं खुलता था। सीमाएं खुली छोड़ी जाती थीं। पाकिस्तान को मालूम नहीं था कि अब मौनी बाबा मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री नहीं हैं।
56 इंच के सीने वाले नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने उड़ी और पुलवामा में हमला कर गलती की। मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर भीतर घुसकर जवाब दिया।
इससे सारी दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदला। गिने-चुने देश अपनी सीमाओं के अतिक्रमण का जवाब दे पाते थे। ऐसे देशों की जो अमेरिका और इस्राइल की सूची थी, उसमें तीसरा नाम भारत का जुड़ गया है।
शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 उखाड़ फेंकने का काम किया। आज भारत का अभिन्न हिस्सा कश्मीर भारत माता के मुकुट मणि के रूप में सुशोभित हुआ है।
वल्लभ भाई पटेल को शाह के रूप में देखा: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल को अगर हम सामने देख पाए हैं तो अमित शाह के रूप में देख पाए हैं। इस बात की खुशी है कि दो साल काम करते हुए बीते हैं। इस अवसर पर अमित शाह हिमाचल आए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में आशीर्वाद देने मोदी आए तो अब अमित शाह और जगत प्रकाश नड्डा का भी आशीर्वाद मिल रहा है। दो साल काम करते हुए और साथ चलते हुए हो गए।
हिमाचल को करीबी से समझा और हिमाचल ने भी पूरा सहयोग दिया। केंद्र का सहयोग न होता तो हिम्मत करने के बावजूद मंजिल पर नहीं पहुंच पाते। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने कार्यकाल की कई उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को कई अवार्ड भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से बहुत गहरा लगाव है। जब वह हिमाचल से जुड़ाव की बात करते हैं तो हिमाचल का सीना भी 56 इंच का हो जाता है।
जयराम ने ‘सबका साथ सबका विकास’ अपनाया: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस टोपी की राजनीति करती थी, लेकिन प्रदेश के मुख्य सेवक यानी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आशीर्वाद देने आए हैं। मुख्य सेवक ने अपना रिपोर्ट कार्ड रखा है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल को लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी भी रिपोर्ट कार्ड देने आए थे।
कांग्रेस में रिपोर्ट कार्ड देने की परंपरा नहीं थी। वे विभाजित करने राजनीति करते थे। वे टोपी की राजनीति करते थे, मगर अब ‘सबका साथ सबका साथ’ की नीति पर ही सीएम जयराम ठाकुर की काम कर रही है। पिछली कांग्रेस सरकार ने तो हिमाचल का विशेष श्रेणी के राज्य का दर्जा छीना था। इसे मोदी सरकार ने पिछली बार सत्ता में आते ही बहाल किया।