हिंदुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, स्वागत के लिए फल लेकर पहुंचे मुस्लिम
ऐतिहासिक नाहन शहर में धार्मिक सद्भावना की मिसाल देखते ही बनी। श्री जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा के भव्य आयोजन में हिंदुओं ने रथ की रस्सी खींची तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फल अर्पित कर रथयात्रा का स्वागत किया। शहर के इस महा आयोजन में सिख समुदाय की शिरकत ने भी धार्मिक सौहार्द को बखूबी दर्शाया। यहां भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन किया गया।
भगवान के भक्त रथ को आगे रस्सी को खींच रहे थे। भक्तिमय माहौल के बीच रथायात्रा जैसे ही शहर के कच्चा टैंक के पास मस्जिद के करीब पहुंची तो वहां पहले से मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रथयात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। बाकायदा फल अर्पित किए गए। वहीं सिख समुदाय के लोग भी रथयात्रा के स्वागत को उत्साहपूर्वक पहुंचे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुहर्रम पर ताजिया निकालने से पहले भगवान श्री जगन्नाथ के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की थी। जामा मस्जिद के समीप मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के साथ समुदाय से जुड़े लोगों ने रथयात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर श्री जगन्नाथ को समुदाय ने फल भी अर्पित किए।
इस अवसर पर याकूब बेग, नसीम दीदान, अनवर खान, शौकत अली, मोहम्मद फरकान, वसीम, हाजी बुंदू खान, हाजी अजमत अली, अनेक लोग मौजूद रहे। हाजी याकूब बेग ने कहा कि नाहन शहर धार्मिक सद्भावना एवं आपसी भाई चारे के लिए विशेष पहचान रखता है। उधर, रथयात्रा विभिन्न समुदाय के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।