Himachal Weather: मंगलवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट, इस दिन तक प्रदेश में खराब रहेगा मौसम
हिमाचल में मंगलवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, सोमवार को हुई ओलावृष्टि से सेब बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अटल टनल रोहतांग सहित प्रदेश की चोटियों पर सोमवार को बर्फबारी हुई। चार जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब, गेहूं, मटर और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। हिमाचल में मंगलवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पांच अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
सोमवार को राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। चंबा में बारिश से 61 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से 300 गांवों में ब्लैकआउट छा गया। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से सुबह और शाम मौसम में फिर ठंडक लौट आई है। सोमवार दोपहर बाद नारकंडा सहित कुमारसैन उपमंडल की चार पंचायतों में ओलावृष्टि ने कहर बरपाया।
जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में भी तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया। शिकारी देवी, शैटाधार और तुंगासीगढ़ में ओलावृष्टि के साथ बर्फ के फाहे भी गिरे। इससे तापमान में गिरावट आई। सराज की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में ओलों की मार से मटर, सेब और प्लम की फसल तबाह हो गई है। पूरा क्षेत्र ओलों से ढक गया, जिससे किसानों और बागवानों को लाखों का नुकसान होने का अनुमान है। उधर, रविवार रात को कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.0, केलांग में 1.5, कुकुमसेरी में 5.2, ताबो में 2.0, शिमला में 11.8, धर्मशाला में 9.5, ऊना-नाहन में 15.3, मनाली में 7.1, कांगड़ा में 15.2, मंडी में 13.3 और बिलासपुर में 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।