हिमाचल माैसम: 24 सितंबर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, प्रदेश के कई भागों में पांच दिन बरसेंगे बादल
आगामी दो दिनों के भीतर मानसून के विदा होने के आसार हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में धूप खिली। मैदानी जिलों में धूप खिली रहने से दिन के तापमान में बढ़ाेतरी दर्ज हुई।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश से आगामी दो दिनों के भीतर मानसून के विदा होने के आसार हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में धूप खिली। मैदानी जिलों में धूप खिली रहने से दिन के तापमान में बढ़ाेतरी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल हैं।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई स्थानों पर बादल बरसने की संभावना
वहीं मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई स्थानों पर बादल बरसने की संभावना भी बन गई है। 24 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 24 से 28 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार हैं।
अधिकतम तापमान
ऊना 34.6
बिलासपुर 33.0
कांगड़ा 32.3
मंडी 32.3
धर्मशाला 30.1
चंबा 30.0
सोलन 29.8
नाहन 29.3
शिमला 25.0
मनाली 25.0