Himachal Weather: चंबा में बाढ़ से तीन, सोलन में एक बहा, ब्यास में राफ्टिंग पर रोक, जटौन बांध के गेट खोले
भारी बारिश के चलते प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। चंबा जिले की धिमला पंचायत के बकाणी नाले में बाढ़ आने से महिला समेत तीन लोग बह गए। ड्यूटी पर जा रहा सुरक्षा कर्मी बिलासपुर का रहने वाला रणजीत सिंह खड्ड में बह गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। चंबा जिले की धिमला पंचायत के बकाणी नाले में रविवार को बाढ़ आने से महिला समेत तीन लोग बह गए। वहीं सोलन के बरोटीवाला मेेेें दसोरा माजरा स्थित एक कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा सुरक्षा कर्मी बिलासपुर का रहने वाला रणजीत सिंह खड्ड में बह गया। प्रशासनिक और रेस्क्यू टीमें बहे लोगों की तलाश में जुटी हैं। वहीं, कुल्लू में ब्यास में जलस्तर बढ़ने से राफ्टिंग पर रोक लगा दी। सिरमौर जिले के ददाहू में गिरि नदी पर बने जटौन बांध के सभी छह गेट खोलने पड़े।
चंबा में नाले में बहने वालों में खोड़ी निवासी रोशन पुत्र मदाला, धरेड़ी निवासी कोनाता देवी पत्नी टीटू और सुरेंद्र पुत्र पृथी शामिल हैं। भारी बारिश के चलते प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, सिरमौर में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, सिरमौर, बिलासपुर और सोलन में दिनभर बारिश होती रही। कांगड़ा के बीड़ और इंद्रूनाग में पैराग्लाइडिंग नहीं हुई। गगल और भुंतर एयरपोर्ट से कोई उड़ान नहीं हो पाई।
खराब मौसम के चलते धर्मशाला में शुरू हुए विधिक साक्षरता शिविर में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उदय उमेश ललित, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और कानून मंत्री किरेन रिजिजू नहीं आ पाए। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अमजद ए सैयद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। हालांकि रिजिजू शिमला में एक अन्य कार्यक्रम के लिए चंडीगढ़ से शिमला पहुंचे हैं। उधर, बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है।
पागलनाला में बाढ़ से सैकड़ों पर्यटक वाहन फंसे रहे। कुल्लू जिले के बंजार के जीभी में पेड़ गिरने से आनी-कुल्लू एनएच बाधित रहा। पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा प्रदेश में 38 सड़कें रविवार को बंद रहीं, जबकि 460 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार को भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में बारिश (मिमी में)
ऊना 79
नाहन 76
नयना देवी 64
चौपाल 61
कसौली 56
देहरा 47
शिमला 37
मनाली 36
न्यूनतम और अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
ऊना 20.3 28.8
मंडी 18.6 24.8
भुंतर 16.1 23.2
बिलासपुर 20.0 22.0
सोलन 17.4 21.6
धर्मशाला 16.2 21.2
नाहन 18.9 21.1
शिमला 13.8 20.2
कल्पा 10.2 14.0
केलांग 7.1 9.5