हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार, दो दिन ओलावृष्टि का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश के पूर्वानुमान के बीच मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। प्रदेश के 11 शहरों में अधिकतम तापमान तीस डिग्री से अधिक रिकॉर्ड हुआ। मंगलवार का दिन ऊना में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर और लाहौल स्पीति में बुधवार को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 16 और 17 अप्रैल को मैदानी और मध्य पर्वतीय दस जिलों में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। 18 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने के आसार जताए गए हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
मंगलवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.0, कांगड़ा में 33.5, मंडी में 33.3, सुंदरनगर में 32.6, हमीरपुर-नाहन में 32.0, सुंदरनगर में 32.6, सोलन में 31.4, चंबा में 31.1, भुंतर में 30.0, धर्मशाला में 26.4, शिमला में 23.8, मनाली में 22.0, डलहौजी में 18.8, कल्पा में 17.2 और केलांग में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.4, कल्पा में 1.4, मनाली में 5.2, भुंतर में 8.3, चंबा में 9.9, सोलन में 12.7, मंडी में 11.0, शिमला में 13.5, धर्मशाला में 14.6, कांगड़ा में 14.4, बिलासपुर में 14.5, हमीरपुर में 14.2, ऊना में 15.6 और नाहन में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बहाल हो सकता है मनाली-लेह मार्ग
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग बुधवार को बहाल हो सकता है। बीआरओ की टीम ने दिन-रात एक कर बारालाचा दर्रे में बर्फ लगभग हटा दी है। हालांकि बर्फ अधिक होने से चलते सड़क को यहां पर सिंगल लाइन ही निकाला गया है। मार्ग दुरुस्त पाए जाने के बाद मनाली-लेह मार्ग पर एक बार फिर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
हालांकि बीआरओ ने यह साफ कर दिया है कि बारलाचा में सिंगल लेन सड़क होने के चलते पहले सरचू की तरफ से वाहनों को मनाली की ओर भेजा जाएगा। कई वाहन बर्फबारी के चलते अभी भी फंसे हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति से आने और जाने वाले वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। इन सभी वाहनों को टनल से भेजा जाएगा। बुधवार को यातायात के लिए टनल पूरा दिन खुली रहेगी। उन्होंने कहा कि बाइक और ओवरलोड ट्रकों को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।