हिमाचल में ताजा बर्फबारी, शिमला में झमाझम बारिश और ओले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अप्रैल महीने में भी हिमाचल में ताजा बर्फबारी का दौर जारी है। शनिवार शाम को मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी शाम होते ही जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। शनिवार को सुबह के समय प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। शाम करीब पांच बजते ही राजधानी शिमला में झमाझम बारिश, ओले और पालमपुर-सुलह में ओलावृष्टि हुई।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 29 अप्रैल से एक मई तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। दो से चार मई तक मैदानी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में चार मई तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। राजधानी शिमला में शनिवार दोपहर दो बजे तक मौसम साफ रहा। दोपहर बाद हल्के बादल उमड़ना शुरू हुए।
शाम करीब पांच बजते ही शहर में काले बादल छाने से एकाएक अंधेरा हो गया। इस दौरान शहर में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई। कुल्लू में ऊझी घाटी मनाली की चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है।
मनाली की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, पतालसू , देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, मनाली पास, शेतीधार, शलीण धार व चंद्रखणी पास में ताजा हिमपात हुआ है। शनिवार को हुई ओलावृष्टि ने मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में पानी भरने से काट कर रखी गेहूं की फसल खराब हो गई है।
सीएम के कार्यक्रम में खलल
कुल्लू के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यक्रम में बारिश ने थोड़ी देर के लिए खलल डाला। उधर, शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 40.0, शिमला में 24.1, सुंदरनगर में 33.6, भुंतर में 31.5, कल्पा में 22.0, धर्मशाला में 30.4, नाहन में 32.2, केलांग में 18.6, सोलन में 29.0, कांगड़ा में 34.1, बिलासपुर में 35.1, हमीरपुर में
34.0, चंबा में 31.1 और डलहौजी में 19.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिला सिरमौर के शिलाई इलाके के कोडगा में बिजली गिरने से एक महिला घायल हो गई है। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।