Himachal Weather: अटल टनल में बर्फ'भारी', प्रदेश के पांच जिलों में आज अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में आज अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, रविवार को अटल टनल में भारी बर्फबारी शुरू हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में रविवार को अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तीन अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
शुक्रवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5, भुंतर में 10.0, कल्पा में 4.0, धर्मशाला में 9.5, ऊना में 16.0, नाहन में 13.0, केलांग में 1.1, सोलन में 10.2, मनाली में 6.5, मंडी में 13.6, बिलासपुर में 14.0, चंबा में 12.3, कुकुमसेरी में 4.2, भरमाैर में 8.0, पांवटा साहिब में 18.0 और ताबो में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अटल टनल में बर्फबारी, रोकी वाहनों की आवाजाही
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भारी बर्फबारी शुरू हो चुकी है। अतः पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फोर बाई टू (4×2) वाहनों और दोपहिया वाहनों को सोलंग बैरियर से आगे जाने की अनुमति फिलहाल नहीं दी जा रही है, जब तक बर्फबारी जारी है।
डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि सभी लोगों से निवेदन है कि यदि अत्यंत आवश्यक हो तभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर यात्रा करें और ऐसे में केवल फोर बाई फोर (4×4) वाहनों का ही उपयोग करें। साथ ही, मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके
सोलन शहर व आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। इससे पहले सुबह से आसमान में बदल छाए हुए थे और मौसम काफी खराब था। बीच बीच में हल्की बारिश हो रही थी मगर अब तेज बारिश शुरू हो गई है। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक बारिश होने के आसार हैं।