Himachal Weather : हिमाचल में सात अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। आईएमडी ने 1 से 7 अगस्त तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कांगड़ा, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, मंडी और शिमला में भारी वर्षा की संभावना है। विभाग ने भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और सड़क दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने प्रदेश में 1 से 7 अगस्त तक अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न होने का खतरा बना रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार 3 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा सहित कई जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं कांगड़ा और सिरमौर में 1 अगस्त से ही मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मंडी और शिमला में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सामान्य बारिश का पूर्वानुमान है, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में पहले 48 घंटों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, कीचड़ खिसकने, नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। फिसलन भरी सड़कों और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी अलर्ट का पालन करने का आग्रह किया गया है।
मौसम बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भरमौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।