हिमाचल के बीएसएफ जवान की अमरनाथ में मौत, गांव में मातम का माहौल
हरोली के बीटन गांव के बीएसएफ जवान की अमरनाथ में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। शनिवार को एएसआई हरदयाल सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
हरदयाल सिंह की पार्थिव देह जैसे ही उनके साथी गांव लेकर पहुंचे, माहौल गमगीन हो गया। पारिवारिक सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। हरदयाल सिंह बीएसएफ में एएसआई के पद पर कार्यरत थे और इस समय वह श्रीनगर में अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पर थे।
ये बताया जा रहा जवान की मौत का कारण
यहां शुक्रवार देर रात कथित तौर पर अचानक ह्दयगति रुकने से उनकी मौत हो गई। हरदयाल सिंह के परिवार में पत्नी निर्मला देवी, पुत्री प्रिया, अमनदीप व पुत्र दविंद्र कुमार हैं। बीएसएफ जवान के पार्थिव शरीर को उनके साथी श्मशान घाट लेेकर पहुंचे।
यहां बीएसएफ के जवानों ने मातमी धुन बजाकर हवा में गोलियां चलाकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। हरदयाल सिंह की अचानक मौत पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रो. राम कुमार, जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम हरोली गौरव चौधरी, डीएसपी हरोली कुलविंद्र सिंह, एसएचओ हरोली रमन चौधरी ने पुष्प अर्पित
कर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। इस मौके पर ग्राम पंचायत बीटन की प्रधान किरण देवी, उप प्रधान पवन बीटन सहित पूर्व जिला परिषद सदस्य योगराज सहित कई गांव वासी उपस्थित रहे।