हिमाचल: दिल्ली से सुजानपुर लौटे दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित, पंचायतें सील
- हिमाचल के हमीरपुर में कोरोना के दो नए मामले
- दिल्ली से लौटे दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पाॅजिटिव
- प्रशासन से कोरोना संक्रमितों के गांवों को किया सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
30 अप्रैल को दिल्ली से हिमाचल के हमीरपुर अपने घर लौटे दो और व्यक्ति मंगलवार को कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। ये दोनों मामले उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत गांव बजरोल और पलभु के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 9 मई को ग्राम पंचायत बजरोल के 50 वर्षीय व्यक्ति और पलभु गांव के 30 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल लिए थे, जिनकी आईएचबीटी पालमपुर से रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने बताया कि दोनों को आरसीएच भोटा भेज दिया है। जिस टैक्सी में ये दोनों आए हैं, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों पंचायतों को प्रशासन ने सील कर दिया है।
ये भी पढ़ें: जिले में बिना पास ऐसे कर सकेंगे आवाजाही, हिमाचल सरकार ने दी बड़ी राहत
प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 66 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 23247 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7425 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 12219 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।
बजरोल पंचायत समेत समस्त क्षेत्र किया सील
हमीरपुर में मंगलवार को सामने आए दोनों कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के सभी संपर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सुजानपुर को इस गांव व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर रोजाना कर्फ्यू में मिलने वाली ढील को भी तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब लोगों को पंचायत से बाहर निकलने और आने पर पूर्ण पांबदी रहेगी।
इस प्रकार जिला हमीरपुर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या छह हो गई है। जिनमें से जोलसप्पड और हमीरपुर की बजूरी पंचायत के दो लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि बिझड़ी और गलोड के दो लोग पहले से भोटा अस्पताल में भर्ती हैं। उधर, उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि सुजानपुर उपमंडल में दिल्ली से लौटे दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों को कोविड-19 केयर सेंटर एवं अस्पताल भोटा में शिफ्ट कर दिया गया है।