400 फीट गहरी खाई में मिली लड़की की लाश, परिजन बोले- हत्या हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर जिले के माजरा थाना के अंतर्गत पुरूवाला क्षेत्र से लापता हुई लड़की का सतौन के समीप चिलौन की खाई में शव बरामद हुआ है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। लड़की की हत्या करने के बाद शव को ढांक से नीचे फेंका गया या फिर उसने यहां से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस पहेली को सुलझाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
परिजनों ने भी थाना में इसकी शिकायत दर्ज कर बाकायदा एक युवक पर उसे भगाने के आरोप लगाए थे। 15 नवंबर को पुलिस टीम लड़के के घर जांच को पहुंची तो युवक ने खुद को चाकू से गोंप दिया। वह अस्पताल में उपचाराधीन है। 22 नवंबर को लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने डीएसपी कार्यालय पहुंचकर 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।
इसके बाद पुलिस हरकत में आई। जानकारी के अनुसार पुलिस को पांवटा साहिब से 20 किलोमीटर दूर सतौन के समीप चिलौन ढांक में लगभग 400 फीट गहरी खाई में एक क्षत-विक्षिप्त शव मिला है। पुलिस और अग्निशमन विभाग सुबह 8 बजे से शव को निकालने में जुटे। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे शव को निकालकर सड़क पर पहुंचाया जा सका।
पुलिस टीम को महसूस हुई बदबू
शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। करीब 300 फीट से ही उन्हें बदबू महसूस हुई। अंधेरा होने के कारण पुलिस शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन पूरा नहीं कर पाई। शनिवार सुबह 8 बजे से पहले ही मौके पर पहुंच कर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। खड़ी ढांक होने के कारण पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा।
उधर, यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा आरोपी युवक शकीर यमुनानगर में उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस को बताया था कि युवती ने किसी बात से नाराज होकर इसी स्थान पर छलांग लगा दी थी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया कि लड़की के परिजनों ने कपड़ों के आधार पर मृतक की शिनाख्त की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिर भी डीएनए करवाकर स्पष्ट किया जाएगा कि शव लापता लड़की का ही है या किसी और का।