धर्मशाला: हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने वार्षिक परीक्षाओं के शुल्क में की 20 फीसदी बढ़ोतरी
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च, 2024 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के शुल्क में 20 फीसदी बढ़ोतरी कर दी है। वहीं टर्म प्रणाली खत्म होने के कारण अब परीक्षार्थियों को करीब 60 फीसदी की राहत मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च, 2024 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के शुल्क में 20 फीसदी बढ़ोतरी कर दी है। वहीं टर्म प्रणाली खत्म होने के कारण अब परीक्षार्थियों को करीब 60 फीसदी की राहत मिली है। टर्म प्रणाली के दौरान परीक्षार्थियों से वर्ष में दो बार शुल्क वसूला जाता था, लेकिन वार्षिक प्रणाली शुरू होने से परीक्षार्थियों को एक ही बार शुल्क देना होगा। इसके चलते परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी होने के बाद भी परीक्षार्थियों को राहत मिली है। टर्म प्रणाली के समाप्त होने के कारण अब 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को 1000 रुपये के स्थान पर 850 रुपये फीस के रूप में चुकाने होंगे। वहीं 12वीं कक्षा के छात्रों से 1600 रुपये के स्थान पर अब 1150 रुपये वसूले जाएंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से वार्षिक शुल्क में 20 फीसदी बढ़ोतरी के बावजूद यह राहत बोर्ड परीक्षाओं में टर्म प्रणाली समाप्त होने से मिली है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा समिति की सिफारिश की अनुपालना करते हुए मार्च, 2024 में संचालित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं में 20 फीसदी शुल्क की बढ़ोतरी की है। इसके चलते छात्रों से मार्च, 2023 की परीक्षाओं के दौरान वसूले गए शुल्क की तुलना में मार्च, 2024 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं का 20 फीसदी अधिक शुल्क वसूला जाएगा। शिक्षा बोर्ड की ओर से की गई यह बढ़ोतरी भी 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत दे गई है, क्योंकि इस बार स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टर्म प्रणाली खत्म कर वार्षिक परीक्षा प्रणाली को शुरू किया है। इसके चलते विद्यार्थियोंं को वर्ष में एक बार ही परीक्षा शुल्क चुकाना होगा।
कंपार्टमेंट-डीएलएड अभ्यर्थियों को देना होगा अतिरिक्त शुल्क
कंपार्टमेंट, अतिरिक्त विषय की परीक्षा और डीएलएड करने वाले अभ्यर्थियों को बोर्ड के इस फैसले से झटका लगा है। बोर्ड की ओर से 20 फीसदी फीस बढ़ाए जाने के कारण अब कंपार्टमेंट अभ्यर्थियों को 550 के स्थान पर 700 रुपये, अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को 550 के स्थान पर 700 रुपये, डीएलएड के नियमित छात्रों से 800 के स्थान पर 1000 रुपये और प्राइवेट छात्रों से 1100 के स्थान पर 1350 रुपये का शुल्क वसूला जाएगा।
पहले और अब की फीस (रुपये में)
विषय कक्षा पहले अब
सभी विषय 10वीं नियमित 1000 850
सभी विषय 12वीं नियमित 1600 1150
कंपार्टमेंट और अंग्रेजी केवल 10वीं/12वीं 550 700
वन एडिशन सबजेक्ट 10वीं/12वीं प्राइवेट 550 700
इंप्रूवमेंट दो और अधिक विषय 10वीं प्राइवेट 850 850
इंप्रूवमेंट दो और अधिक विषय 12वीं प्राइवेट 1150 1150
6 और 7 अतिरिक्त विषय 12वीं नियिमत प्राइवेट 700 700
डीएलएड नियमित 800 1000
डीएलएड प्राइवेट 1100 1350
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एक्ट के तहत हर दो वर्ष बाद परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी करता है। इसके चलते इस बार भी परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। शैक्षणिक सत्र 2023-24 में टर्म प्रणाली को समाप्त कर वार्षिक परीक्षा प्रणाली को शुरू किया गया है, जिसके चलते विद्यार्थियों से वर्ष में एक बार ही परीक्षा शुल्क वसूला जाएगा, जबकि टर्म प्रणाली के दौरान परीक्षा शुल्क को दो बार वसूल किया जाता था। - डॉ. विशाल शर्मा, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला