कैसी है परीक्षा की तैयारी, अब ऑनलाइन जान सकेंगे विद्यार्थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जमा एक और जमा दो के विद्यार्थी अब ऑनलाइन भी अपनी परीक्षा की तैयारियों को जान सकेंगे। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत स्वयं सिद्धम पोर्टल पर इन दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए क्वेश्चन बैंक तैयार किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था से जहां विद्यार्थियों को सिलेबस का रिवीजन करना आसान होगा, वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में भी मदद मिलेगी। आरएमएसए के राज्य परियोजना कार्यालय के मुताबिक क्वेश्चन बैंक को विषय वार और चैप्टर वार तैयार किया जाएगा।
इसमें बीते कुछ सालों के दौरान वार्षिक परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे गए सवालों को शामिल किया जाएगा। जैसे-जैसे स्कूलों में सिलेबस कवर होगा, उसी तरह विद्यार्थी पोर्टल पर जाकर रिवीजन भी कर सकेंगे।
इस नई व्यवस्था को प्रयोग करने के लिए विद्यार्थियों को स्वयं सिद्धम पोर्टल पर दिए गए लिंक के माध्यम से लॉगइन बनाना पड़ेगा। स्कूल प्रिंसिपल द्वारा पंजीकृत होने के बाद विद्यार्थी के लॉगइन को मंजूर किया जाएगा।
यूजर नेम और पासवर्ड प्राप्त होते ही विद्यार्थी ऑनलाइन क्वेश्चन बैंक का प्रयोग कर सकेंगे। आईसीटी लैब वाले स्कूलों में विद्यार्थी इसका प्रयोग कर सकेंगे। इसके अलावा घर पर भी इंटरनेट के माध्यम से तैयारी कर सकेंगे।
नवीं और दसवीं के लिए पहले से है यह व्यवस्था
आरएमएसए के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया है कि प्रदेश में स्थित सभी डाइट में नियुक्त शिक्षकों से क्वेश्चन बैंक तैयार करवाया जाएगा।
इस नई पहल से जहां विद्यार्थी स्वयं अपनी तैयारियों का आकलन कर सकेंगे, वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने से इस व्यवस्था को शुरू करने के प्रयास हैं।
नवीं और दसवीं के विद्यार्थियों को यह सुविधा पहले से दी जा रही है। स्वयं सिद्धम पोर्टल पर ही इन दोनों कक्षाओं के लिए लिंक बनाया गया है। स्कूल प्रिंसिपल इसकी मॉनीटरिंग करते हैं।