विस शीत सत्र: सिर पर परने बांध दूध से भरे बर्तन लेकर भाजपा विधायकों ने किया प्रदर्शन
जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पूर्व कांग्रेस ने दस गारंटियां दी थीं। कहा गया था कि 80 रुपये प्रति लीटर गाय का दूध, 100 रुपये भैंस का दूध खरीदा जाएगा। दूध लीटर के हिसाब से बिकता है, जबकि कांग्रेस ने गारंटी देते हुए प्रति किलो गलत कहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन भी भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी की। सत्र के पहले दिन फ्लैक्स के एप्रिन पहने और दूसरे दिन टोकरी में गोबर लेकर भाजपा विधायक विधानसभा में पहुंचे थे। अब वीरवार को भाजपा विधायक दूध से भरे बर्तन लेकर और सिर पर परने (गमछे) बांधकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान करीब 20 मिनट सदर के बाहर भाजपा विधायकों ने नेता विपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में प्रदर्शन किया।
भाजपा विधायकों ने 100-100 रुपये नकद देकर और कुछेक ने डिजिटल पेमेंट के माध्यम से दूध खरीद कर भुगतान भी किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव से पूर्व कांग्रेस ने दस गारंटियां दी थीं। कहा गया था कि 80 रुपये प्रति लीटर गाय का दूध, 100 रुपये भैंस का दूध खरीदा जाएगा। दूध लीटर के हिसाब से बिकता है, जबकि कांग्रेस ने गारंटी देते हुए प्रति किलो गलत कहा था।
इसलिए प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने दूध के बर्तनों पर किलो ही लिखा है। एक साल बीत गया, लेकिन अभी तक किसानों से दूध नहीं खरीदा गया। प्रदर्शन के माध्यम से पूछा जा रहा है कि गारंटी को कब पूरा करेंगे। कांग्रेस नेता इतना झूठ बोल चुके हैं कि लोगों ने इस सरकार पर विश्वास करना ही छोड़ दिया है। इसलिए इस प्रदेश में झूठी गारंटी नहीं चलेगी।
फैट के हिसाब से तय होगी दूथ की कीमत : चंद्र
विपक्ष के सवाल पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनाव के समय दी गारंटियों को अक्षरश: पूरा करेगी। दूध खरीद के लिए दुग्ध कमेटियों का गठन किया जा रहा है। नाबार्ड के माध्यम से कांगड़ा के ढगवार में दुग्ध प्रसंस्करण यूनिट स्थापित किया जा रहा है। फैट की मात्रा के हिसाब से दूध की कीमत तय की जाएगी।
एक अघोषित युद्ध की तरह पाक से आ रहा नशा : राठौर
ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नशा पाकिस्तान सीमा और दिल्ली से भी आ रहा है। दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री हैं, फिर भी इसे वहां नहीं रोका जा रहा। केंद्र सरकार की भी इस पर अंकुश लगाने में मदद होनी चाहिए। पाकिस्तान से आने वाले नशे पर तो अंकुश लगा रहे हैं। यह अघोषित युद्ध है। हमारे युवाओं का सेना में बहुत योगदान है। पर क्या जिस तरह से नशे की चपेट में युवा आ रहे हैं। वे क्या आने वाले समय में सेना में जाने की स्थिति में होंगे।
यह एक साजिश भी हो सकती है कि हिमाचल के युवाओं को खोखला कर दो। जो विदेशों से युवा यहां आते हैं। उन पर पर सख्ती होनी चाहिए। गैरसरकारी सदस्य दिवस पर पांवटा के भाजपा विधायक सुखराम चौधरी और ठियोग के कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, प्रदेश की सीमाओं पर इसकी रोकथाम और कानून को सुदृढ़ करने के लिए नीति बनाने का संकल्प प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
वीरवार को सदन में राठौर ने कहा कि 23 अक्तूबर को एनआईटी हमीरपुर में एक छात्र की नशे की ओवरडोज से मृत्यु हो गई। ऐसी बहुत सी घटनाएं रिपोर्ट नहीं हो रही हैं। अब दूरदराज के इलाकों तक नशे का कारोबार हो रहा है। छोटे-छोटे लोगों को पकड़ा जा रहा है। बड़ी मछलियों को पकड़ा जाना चाहिए। अलग से टास्क फोर्स बननी चाहिए। पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि नशे से परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
शैक्षणिक संस्थानों के निकट ढाबों, परचून की दुकानों आदि पर विशेष नजर रखे जाने की जरूरत है। पुलिस विभाग के कर्मचारी भी इसमें शामिल होते हैं, तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिला सिरमौर के दर्जनों नौजवान नशामुक्ति केंद्र में इलाज करवा रहे हैं। कई बार मात्रा कम होने पर जमानत हो जाती है। कोई भी व्यक्ति इस कारोबार में संलिप्त हैं, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। बहुत से लोग रातोंरात अमीर बनने के चक्कर में नशे के कारोबार में फंस रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों पर अच्छे अधिकारी नियुक्त हों : सत्ती
ऊना के भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कई बार नेता भी नशे को प्रश्रय देते हैं। जिनके पास कोई काम नहीं है, ऐसे युवा चपेट में आ रहे हैं। जिनको गुस्सा आता हो, ऐसे अधिकारी होने चाहिए। जिसे गुस्सा न आता हो, वे किसी काम के नहीं हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों पर अच्छे अधिकारी नियुक्त होने चाहिए। नशे के तस्करों को जेलों में डाला जाना चाहिए। सरकार कम से कम रोटियां तो खिला ही सकती है। जेल में चिट्टा तो नहीं लेंगे। देश की युवा पीढ़ी नशे में पड़ गई तो तबाही हो जाएगी। आज पंजाब के लोग या तो विदेश में हैं या नशे में फंस गए हैं।