यूपी में हिमाचल के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, कई घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश से तीर्थयात्रियों को लेकर नैमिषधाम जा रही बस अनियंत्रित होकर घरेहरा नदी पुल की रेलिंग से टकरा कर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में बस चालक समेत कई श्रद्धालुओं को चोटें आईं। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्रद्धालु दूसरी बस से नैमिषधाम रवाना हो गए।
हिमाचल प्रदेश के शिमला से तीर्थयात्रियों को लेकर नैमिषधाम जा रही बस गुरुवार सुबह सीतापुर हरदोई मार्ग पर नयागांव से कुछ दूर घरेहरा पुल के पास सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। बस पुल की रेलिंग से टकरा कर सड़क किनारे खंती में पलट गई। घटना के बाद श्रद्धालुओं में चीखपुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे।
पीछे से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही दूसरी बस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों व दूसरी बस में सवार श्रद्धालुओं ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर एसएसआई संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल बस चालक वशारत खां (40) पुत्र सराफत खां निवासी बुढ़ाना मुजफ्फरनगर, विनोद (35) पुत्र रामपाल निवासी बुढ़सेनी जिला बागपत व सावित्री (65) पत्नी नंदराम निवासी थातल, शिमला हिमाचल प्रदेश को सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की छुट्टी कर दी गई। यात्री दूसरी बस से नैमिष धाम रवाना हो गए।
हरिद्वार, मथुरा व वृंदावन से जा रहे थे नैमिषधाम
यात्रा की अगुवाई कर रहे धीर सिंह पुत्र शीतला प्रसाद निवासी कस्बा रई जिला मुजफ्फरपुर ने बताया कि श्रद्धालु तीन धाम की यात्रा पर निकले हैं। शिमला से बसों से निकले श्रद्धालु हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन व बरसाना आदि का भ्रमण करते हुए नैमिष जा रहे थे।
बस में 36 यात्री सवार थे। श्रद्धालुओं से भरी एक और बस यात्रा में शामिल है। घरेहरा पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी बस के हादसाग्रस्त होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में किसी के गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने ऐतिहात के तौर पर आंशिक रूप से घायल बस चालक व अन्य दो यात्रियों को सीएचसी भिजवाया। सीएचसी से आने के लिए घायल हरदोई जा रही खाली एंबुलेंस में बैठ गए। घायलों ने बताया कि रास्ते में एंबुलेंस चालक ने दो सौ रुपये वसूल लिए।