इंदु गोस्वामी भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष, कैलाश विजयवर्गीय ने किया ट्वीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी प्रदेश की नई भाजपा अध्यक्ष बन गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर यह जानकारी देने के साथ ही उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे दी हैं। खास बात यह है कि पार्टी की प्रदेश की पूरी कार्यकारिणी को अभी तक इस नियुक्ति की कोई जानकारी नही है।
हालांकि राष्ट्रीय महासचिव के ट्वीट के बाद नियुक्ति के लिए अब सभी महज आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। उधर, इस ट्वीट के बाद इंदु गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से राज्य सचिवालय में मिलने वाली हैं। दोपहर बाद उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है।
दो दिन पूर्व इंदु गोस्वामी ने राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनके अध्यक्ष बनने की अटकलें शुरू हो गईं थीं। इंदु ने भले ही इस मुलाकात को महज पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों से संबंधित बताया था। लेकिन उनकी मुलाकात के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें नियुक्ति पर बधाई दी जाने लगी।
बुधवार देर रात इन चर्चाओं को और बल तब मिला जब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर इंदु को हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई दे दी। इस ट्वीट के बाद से प्रदेश की संगठनात्मक राजनीति गर्मा गई है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी लगातार इस नियुक्ति को लेकर दिल्ली से संपर्क साधने में जुटे हैं लेकिन अभी तक दिल्ली दरबार से इस नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि न होने की वजह से चुप्पी साधे हुए हैं।
खास बात यह है कि ऐसा तब हो रहा है जब हिमाचल से ताल्लुक रखने वाले जगत प्रकाश नड्डा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लेकिन न तो प्रदेश इकाई इंदु की नियुक्ति को लेकर कुछ बोलने की स्थिति में है और न ही उन्हें केंद्रीय इकाई से कोई आधिकारिक जवाब मिल रहा है। चूंकि ट्वीट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाने वाले विजयवर्गीय ने किया है, ऐसे में गलती की गुंजाइश कम ही मानी जा रही है।
वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि इंदु की नियुक्ति हो चुकी है और आधिकारिक एलान का ही इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में करीबियों का नाम आने के बाद पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पद से इस्तीफा दे दिया था।
बधाई एवं शुभकामनाएं !!!
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षा बनने पर राज्यसभा सांसद सुश्री इंदु गोस्वामी जी को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ ! pic.twitter.com/SXQAQeLR2F
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) July 8, 2020
इंदु गोस्वामी का सियासी सफर
इंदु गोस्वामी ने छात्र राजनीति से ही अपना सियासी सफर शुरू किया। 35 साल से वह भाजपा से जुड़ी हैं। उन्हें मोदी और नड्डा का करीबी माना जाता है। मोदी जब हिमाचल भाजपा के प्रभारी थे तो इंदु भाजपा और भाजयुमो में सक्रिय रह चुकी हैं। छात्र राजनीति के समय से ही उनका जगत प्रकाश नड्डा के साथ संवाद रहा है। इंदु वर्ष 2017 में पालमपुर से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
वह 2016 से 2019 के बीच भाजयुमो अध्यक्ष रहीं। वर्ष 1998 से 2000 के बीच वह राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं। 2000 से 2003 के बीच राज्य सामाजिक कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष रहीं। वह 1990 से 1992 के बीच महिला मोर्चा अध्यक्ष बनीं। 1992 से 1994 के बीच जिला उपाध्यक्ष बनीं। 1994 से 1996 के बीच भाजयुमो की राज्य सचिव बनीं।
1996 से 1998 के मध्य भाजयुमो की उपाध्यक्ष नियुक्त हुईं। 1998 से 2002 के बीच दो बार भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महासचिव बनीं। वर्ष 2007 से 2012 के मध्य भाजपा की कार्यकारी सचिव और 2013 से 2016 के बीच राज्य सचिव रहीं। मार्च 2020 में इंदु गोस्वामी राज्यसभा के लिए बतौर निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुईं।