{"_id":"5fb517895782360035397ef9","slug":"himachal-news-house-gutted-in-fire-in-kullu-anni-sub-division","type":"story","status":"publish","title_hn":"तीन भाइयों का दो मंजिला मकान जलकर राख, चार गायें जिंदा जलीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तीन भाइयों का दो मंजिला मकान जलकर राख, चार गायें जिंदा जलीं
Wed, 18 Nov 2020 06:16 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, आनी (कुल्लू)
अमर उजाला नेटवर्क, आनी (कुल्लू)
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Wed, 18 Nov 2020 06:16 PM IST
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
आनी उपमंडल की मुहान पंचायत के ठारवी गांव में बुधवार दोपहर को तीन भाइयों का रिहायशी मकान आग की भेंट चढ़ गया। लकड़ी से बने इस दो मंजिला मकान को आग ने देखते ही देखते राख के ढेर में तबदील कर दिया। आग बुझाने की ग्रामीणों की मेहनत पर पूरी तरह से पानी फिर गया। इस घटना में चार गायों के जिंदा जलने की सूचना है, जबकि घर में रखे आभूषणों सहित अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक आनी खंड की मुहान पंचायत के ठारवी गांव में तीन भाइयों के सामूहिक मकान में अचानक आग भड़क गई। आग ने कुछ ही समय में दो मंजिला लकड़ी के मकान को राख में तबदील कर दिया। इस मकान में पांच कमरे थे। तीनों भाइयों की चार पालतू गाय और सोने-चांदी के आभूषणों सहित घर का सारा सामान जलकर राख हो गया है। स्थानीय पंचायत प्रधान मस्त राम ने बताया कि बुधवार दोपहर तेज हवा चल रही थी और देखते ही देखते मकान में अचानक आग लग गई।
विज्ञापन
आसपास के लोगों ने जब घर में उठी आग की लपटों को देखा तो आग को बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि आग को बुझाने के सभी प्रयास धरे के धरे रह गए। पालतू पशुओं तक को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। दो मंजिला रिहायशी मकान में तीन भाइयों गोगल राम, शेर सिंह और श्याम दास का सामूहिक परिवार रहता था। इस घटना में लाखों के नुकसान का अनुमान है।
विज्ञापन
घर के आग की भेंट चढ़ने के बाद अब तीनों भाइयों के पास न रहने के लिए आशियाना रहा और न ही पहनने लिए कपड़े। ग्रामीण प्रभावित परिवारों को रहने का इंतजाम करने में जुटे हुए हैं। एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को पंद्रह हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है।