हिमाचल के भावी सीएम का जयपुर से है गहरा नाता, जानिए कैसे
गुजरात में विजय रुपाणी की मुख्यमंत्री के तौर पर ताजपोशी हुई, वहीं हिमाचल के भावी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को शपथ लेंगे। हिमाचल के मंडी जिले में वर्ष 1965 में जन्में ठाकुर का जयपुर से गहरा नाता है। दरअसल, जयराम ठाकुर का ससुराल जयपुर के झोटावाड़ा में है।
ठाकुर की शादी वर्ष 1995 में आरएसएस नेता रहे श्रीनाथ राव की बेटी डॉ. साधना ठाकुर से हुई थी। साधना ठाकुर के छोटे भाई प्रताव राव का संबंध मीडिया जगत से है। जयपुर के झोटावाड़ा में रहने वाले राव परिवार में इस वक्त खुशी का माहौल है।
दामाद को मिली हिमाचल की नई जिम्मेदारी के बाद इस घर में मिठाई का सिलसिला थम नहीं रहा है। उनके भाई अपनी दीदी से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि उनकी साधना दीदी का अलवर के खेड़ली कस्बे से भी कनेक्शन रहा है,
क्योंकि उनके पिता श्रीनाथ राव जब वर्ष 1974 में कर्नाटक से आए थे, तब उन्होंने इस कस्बे से ही व्यापार प्रारंभ किया था। इसलिए साधाना ठाकुर करीब दस वर्ष तक इस कस्बे में रहीं और शुरुआती पढ़ाई यहीं से की।
जीजा ने जयराम के बारे में ये कहा
इसके बाद पूरा राव परिवार जयपुर में बस गया था। राव परिवार के सदस्य हिमाचल के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे अपने जीजा जयराम ठाकुर के बारे में बताते हैं कि वे काफी खुशमिजाज व्यक्ति हैं। उनका अकसर जयपुर आना होता है। वे पूरे परिवार के साथ घूमना पसंद करते हैं।
राव परिवार के अनुसार जब जयराम ठाकुर पूर्व भाजपा सरकार में राज्य मंत्री बने थे, तब भी परिवार ने इसी तरह जश्न मनाया था। जयराम ठाकुर को शनिवार को भाजपा की विधायक दल की बैठक में हुए सर्वसम्मति से नेता चुना गया है।
जयराम ठाकुर वर्ष 2007 से वर्ष 2009 तक हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। मुख्यमंत्री की रेस में उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पीछे छोड़ा है। हालांकि, हिमाचल चुनाव से पूर्व भाजपा दिग्गज नेता प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट कर चुकी थी, लेकिन धूमल चुनाव हार गए थे।