हिमाचल में जॉब स्कैम का बड़ा खुलासा: नौ माह में बेरोजगारों से दो करोड़ रुपये ठगे, 378 शिकायतें दर्ज
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। नौ महीनों में साइबर क्राइम सेल को 378 शिकायतें मिली हैं, जिनमें करीब दो करोड़ रुपये की ठगी हुई है। डाटा एंट्री, पार्ट-टाइम जॉब और विदेशी नौकरी के नाम पर युवाओं से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन नौकरी के नाम पर बेरोजगार युवाओं से भारी साइबर ठगी हो रही है। नौ महीनों में जॉब स्कैम की 378 शिकायतें साइबर क्राइम सेल पहुंची हैं। इन मामलों में शातिर ठगों ने युवाओं से दो करोड़ रुपये की रकम ऐंठी है।
ठगों के निशाने पर ऑनलाइन नौकरी तलाश रहे युवा हैं। साइबर ठग सोशल साइटों पर लुभावने विज्ञापन और प्रलोभन देकर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं। युवाओं को डाटा एंट्री, पैराग्राफ राइटिंग, पार्ट-टाइम और सोशल मीडिया टास्क का झांसा दिया जाता है। इसके अलावा विदेशी नौकरियों, पैकेज रिसिपर या लॉजिस्टिक्स मैनेजर की नौकरी देने के नाम पर भी फंसाया जा रहा है। चिंता की बात यह है कि 378 शिकायतें केवल वे हैं, जिनकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर पर दी गई है।
प्रदेश के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर पैराग्राफ राइटिंग के काम के एवज में आकर्षक पैसे देने का विज्ञापन देखा। युवक ने फौरन इंस्टाग्राम डीएम के जरिये संपर्क कर नौकरी के लिए आवेदन कर दिया। उसे एक व्हाट्सएप नंबर दिया गया और पंजीकरण के लिए 500 रुपये मांगे गए। रुपये जमा करवाने के बाद सत्यापन के लिए पैन कार्ड विवरण और जीएसटी दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज देने के बाद ठगों ने 17,000 रुपये के अतिरिक्त भुगतान की मांग की। मंशा पर शक होने पर युवक ने समझदारी दिखाई और बड़ी ठगी होने से पहले ही हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर दी।
- नौकरी, रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, यूनिफॉर्म, लैपटॉप या सॉफ्टवेयर के नाम पर पहले पैसे मांगने वाली कंपनी फर्जी है।
- गूगल पर कंपनी का असली नाम सर्च करें और आधिकारिक वेबसाइट व करियर पेज पर वैकेंसी जांचें।
- गूगल पर कंपनी का नाम, स्कैम या रिव्यू लिखकर सर्च करें ताकि पुरानी शिकायतों का पता चल सके।
- कंपनियां हमेशा आधिकारिक डोमेन से ईमेल करती हैं।
- बिना अनुभव बहुत कम काम के बदले मोटी सैलरी (जैसे घर बैठे रोजाना हजारों रुपये) का वादा हमेशा ट्रैप है।
- ऑफर लेटर मिलने और कंपनी की पुष्टि से पहले अपना आधार, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट नंबर साझा न करें।
- हमेशा सुरक्षित जॉब साइट्स जैसे लिंक्डइन, नौकरी, इंडिड, इंटर्नशाला या सीधे कंपनी के करियर पेज से आवेदन करें।