हिमाचल: कसौली में पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने लगाया फंदा, उत्तराखंड का रहने वाला था दंपती
सोलन जिले के कसौली की कोटबेजा पंचायत के जामली गांव में उत्तराखंड के एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली की कोटबेजा पंचायत के जामली गांव में उत्तराखंड के एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। दंपती उत्तराखंड के जिला चंपावत का रहने वाला था। छह माह पहले ही दोनों जामली आए थे और यहां पर खेतीबाड़ी करते थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद मामला दर्ज कर वारदात के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों के आने के बाद दोनों का पोस्टमार्टम होगा।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि कोटबेजा के उपप्रधान ने कसौली थाना में सूचना दी कि जामली गांव में एक व्यक्ति ने खेत में पेड़ से फांसी लगा ली है और एक महिला का शव भी खेत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि तारा सिंह (50) पुत्र दान सिंह और उसकी पत्नी विनिता (20) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। एक का शव खेत में तो दूसरा साथ में ही फंदे से लटका है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों अक्तूबर 2023 से जामली में खेतीबाड़ी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि वीरवार देर रात तारा सिंह का किसी बात पर विनिता से झगड़ा हुआ और उसने डंडों से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पत्नी के मरने के बाद तारा सिंह ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एसपी ने बताया कि उत्तराखंड से मृतकों के परिजनों को बुलाया गया है। उनके आने के बाद ही दोनों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा।