हिमाचल में हर छत से इकट्ठा होगा बारिश का पानी, सख्त नीति बनाएगी सरकार
हिमाचल प्रदेश में हर छत से बारिश का पानी इकट्ठा होगा। नीति आयोग के निर्देश के बाद राज्य सरकार इस बारे में सख्त नीति बनाएगी। मुख्य सचिव बीके अग्रवाल इस बारे में जल्द ही अधिकारियों की बैठक बुलाएंगे।
उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की बैठक में इस बारे में टिप्स लिए हैं। मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने कहा है कि हिमाचल सरकार ने शहरी क्षेत्रों में वर्षा जल संग्रहण के लिए पहले से ही नियम बनाए हुए हैं।
ये सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जो भी नया भवन बने, उसमें वर्षा जल संग्रहण का भी ढांचा हो। उन्होंने कहा कि इन नियमों को कई क्षेत्रों में लागू नहीं किया गया है। इसीलिए जल्द ही इसके लिए सख्त नीति तैयार की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी सुनिश्चित करेगा नए भवनों में हो वर्षा जल संग्रहण प्रणाली
पीडब्ल्यूडी इस बात को सुनिश्चित करेगा कि नए भवनों में वर्षा जल संग्रहण प्रणाली हो। ऐसा नहीं करने पर जिम्मेवार अधिकारी पर कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा तमाम विभागों में भी इसके लिए समन्वय बनाया जाएगा। मनरेगा और तमाम तरह की योजनाओं से आए बजट का सुनियोजित इस्तेमाल होगा।
वर्षा जल संग्रहण से कम होगी पानी की समस्या
वर्षा जल संग्रहण से पीने और सिंचाई के पानी की समस्या कम होगी। शनिवार की नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों को इस व्यवस्था को अपनाने को कहा है।