Priyanka Gandhi: पीएम मोदी की रैली से एक दिन पहले शिमला पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शिमला पहुंच गई हैं। प्रियंका 10 अक्तूबर तक राजधानी से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर ही ठहरेंगी। वह 10 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे सोलन में रैली के बाद ही दिल्ली लौटेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शिमला पहुंच गई हैं। प्रियंका 10 अक्तूबर तक राजधानी से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर ही ठहरेंगी। वह 10 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे सोलन में रैली के बाद ही दिल्ली लौटेंगी। तब तक छराबड़ा में वह गिनती के नेताओं से ही मुलाकात करेंगी। सूत्रों के अनुसार प्रियंका अपने बच्चों के साथ यहां पहुंची हैं। उनके पति राबर्ड वाड्रा नहीं आए हैं। प्रियंका चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए अपने घर पहुंची हैं। दिल्ली से चंडीगढ़ तक वह वायुमार्ग से आईं हैं। 10 अक्तूबर को चुनावी शंखनाद के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी की जा सकती है।
सुरेंद्र को सौंपा प्रियंका की रैलियों का जिम्मा, कोआर्डिनेटर बनाया
वहीं, विधानसभा चुनाव के दौरान हिमाचल प्रदेश में होने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा की रैलियों का जिम्मा चौपाल के हामल परगना के सुरेंद्र शर्मा को सौंपा गया है। इन्हें प्रियंका की रैलियों के लिए कोआर्डिनेटर बनाया गया है। प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने इसके आदेश जारी किए हैं। सुरेंद्र शर्मा प्रियंका गांधी के कार्यालय से संपर्क में रहेंगे और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उस टीम से भी समन्वय करेंगे, जिनके पास रैलियों का जिम्मा होगा। सुरेंद्र शर्मा प्रियंका गांधी वाड्रा के नजदीकी माने जाते हैं। चौपाल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के दावेदार भी हैं। इनके अलावा डॉ. सुभाष मंगलेट, रजनीश किमटा, आईएन मेहता और विजय चौहान भी यहां से टिकट के दावेदार हैं।
प्रियंका की रैली में कांग्रेस जुटाएगी 40 हजार से ज्यादा भीड़
सोलन शहर में 10 अक्तूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विशेषतौर पर पूर्व मंत्री एवं सोलन सदर विधायक कर्नल धनीराम शांडिल मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रियंका गांधी की रैली में 40 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाई जाएगी। पुलिस मैदान या ठोडो मैदान में रैली के आयोजन की प्रशासन से अनुमति मांगी गई। हालांकि देरशाम तक प्रशासन ने रैली को लेकर परमिशन नहीं दी थी। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि सरकारी खर्चों पर भाजपा सरकार रैलियां करवा रही है। अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सोलन में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी क्योंकि इसको लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में भी जोश है। इसमें महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को वह जनता के सामने रखेंगी। इस रैली में करीब 40 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अभी तक हिमाचल प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं कर पाई। ऐसे में उनके नेता कांग्रेस पर ही सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल में जयराम ने क्या किया है इसका रिपोर्ट कार्ड उन्हें जनता के सामने रखना चाहिए। संजय दत्त ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और भाजपा को जनता के सहयोग से मुंहतोड़ जवाब देने वाली है। उपचुनाव की तरह ही कांग्रेस विधानसभा चुनाव भी भारी मतों से जीतेगी। बैठक में बाद कांग्रेस नेताओं ने सोलन के पुलिस मैदान और ठोडो मैदान का दौरा भी किया। बैठक में छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, पूर्व विधायक दून राम कुमार चौधरी, विनोद सुल्तानपुरी, बाबा हरदीप सिंह, जिलाध्यक्ष शिव कुमार समेत कई कांग्रेसी नेता शामिल रहे।