Himachal Election: टिकट के लिए लॉबिंग तेज, प्रतिभा की अगुवाई में सोनिया से मिले ये कांग्रेस नेता
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनने के लिए लॉबिंग करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा सहित इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हरदीप बावा, पूर्व विधायक संजय रत्न और यादवेंद्र गोमा सियासी समीकरण बनाने में जुटे हैं। धर्मशाला, नालागढ़, ज्वालाजी और जयसिंहपुर सीट से प्रत्याशी तय करने के लिए अभी पेच फंसा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में 27 सितंबर को हुई केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में 46 सीटों को लेकर चर्चा हुई। 35 प्रत्याशी कमेटी ने लगभग तय कर दिए हैं। 11 सीटों को पेंडिंग सूची में डाला है। अब इन 11 सीटों के दावेदार अपना टिकट पक्का करने के लिए गोटियां फिट करने में जुटे हैं। पार्टी ने धर्मशाला, चिंतपूर्णी, भरमौर, नालागढ़, नूरपुर, सरकाघाट, आनी, बंजार, करसोग, चौपाल और गगरेट में दोबारा सर्वे करवाने का फैसला लिया है।
इन सीटों पर चुनाव लड़ते आए प्रत्याशियों की इससे परेशानियां बढ़ गई हैं। ऐसे में ये नेता वरिष्ठ नेताओं के माध्यम से अपने लिए पैरवी करवाने की जद्दोजहद में लगे हैं। नालागढ़ से टिकट मांग रहे इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हरदीप बावा ने पूर्व मंत्री और केंद्रीय चुनाव कमेटी के सदस्य आनंद शर्मा से मुलाकात की। सुधीर शर्मा, संजय रत्न, यादवेंद्र गोमा ने भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में नेताओं के समक्ष पक्ष रखा। दो अक्तूबर को होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी और सात अक्तूबर को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक से पहले ये नेता अपने लिए टिकट की राह आसान करने में जुटे हैं।
अपनों को टिकट दिलाने के लिए सोनिया से मिलीं प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने समर्थकों को टिकट दिलाने के लिए गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रतिभा सिंह वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर अपने समर्थकों को टिकट दिलाने के लिए लगातार पैरवी कर रही हैं। गुरुवार को प्रतिभा जिला हमीरपुर के सुजानपुर में हुई संकल्प रैली में भी शामिल नहीं हुईं।