हिमाचल चुनाव: मोदी लहर रोकने के लिए हरकत में आई कांग्रेस, बनाया खास प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदी-शाह की आंधी से आशंकित हिमाचल कांग्रेस पार्टी ने इससे निपटने को कमर कस दी है। पार्टी प्रदेश के हर बूथ पर पांच-पांच निष्ठावान कांग्रेसियों की फौज मुस्तैद करेगी। फोकस उन विधानसभा क्षेत्रों पर होगा, जिनमें पार्टी लगातार हारती आई है।
ऐसी विस सीटें 32 हैं। हर बूथ से पांच-पांच प्रतिनिधियों को बुलाकर उन्हें जिला अधिवेशनों में प्रशिक्षित किया जाएगा। पार्टी के कुल 17 संगठनात्मक जिलों में एक-एक अधिवेशन होगा। सुक्खू इनमें सीएम और मंत्रियों को विशेष रूप से न्योता देंगे।
रविवार को पार्टी कार्यालय राजीव भवन में राज्य कार्यकारिणी की बैठक में सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक पर्यवेक्षक शामिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें आगामी चुनाव की रणनीति बनाई गई।
चुनाव जीतने के लिए पार्टी ने तैयार किया है ये प्लान
कार्यकारिणी सदस्यों और जिला अध्यक्षों के विचार सुनने के बाद सुझाव को मद्देनजर रखते हुए विस क्षेत्रों के अनुसार मिशन 2017 का खाका खींचा। सुक्खू ने कहा कि विस चुनाव के मद्देनजर पार्टी जिलास्तरीय अधिवेशन करेगी।
इसमें सीएम वीरभद्र सिंह के साथ वे मौजूद रहेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों को व्यक्तिगत आरोपों से बचने की सलाह दी। जिले के कांग्रेस विधायक, जिला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को भी उपलब्ध रहना होगा। अधिवेशन में हर बूथ से पांच कार्यकर्ता बुलाए जाएंगे।
इनमें सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ उपाध्यक्ष और सचिव शामिल होंगे। जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को बीते चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, उन पर विशेष फोकस रहेगा। इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अधिवेशनों में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बात सुनी जाएगी।
इस तरह होंगे जिला सम्मेलन
25 मई : पालमपुर
पहली जून : सरकाघाट
दो जून : मंडी
3 जून : नालागढ़
4 जून : इंदौरा
6 जून : किन्नौर
7 जून : हमीरपुर
10 जून : ऊना
11 जून : बिलासपुर
12 जून : चंबा
14 जून : सिरमौर
16 जून : कुल्लू
18 जून : शिमला
20 जून : लाहौल-स्पीति
कांगड़ा, देहरा और शिमला-दो की अभी तारीखें तय नहीं।
नए टिकट परफॉर्मा का प्रस्ताव पारित, संपत्ति-अपराध का ब्योरा देंगे
बैठक में प्रदेश विस चुनाव का रोडमैप बनाने के साथ शिमला नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करने पर चर्चा हुई।
शहीद सैनिकों के लिए दो मिनट का मौन
बैठक की शुरुआत में सुकमा में नक्सली हमले में मारे गए सीआरपीएफ जवानों और जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों में शहीद सैनिकों की आत्मा की शांति को दो मिनट का मौन रखा गया। सभी कांग्रेसियों ने पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम द्वारा दो भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले जाने की कड़ी निंदा की।
21 मई को धर्मशाला में पदयात्रा
प्रदेश कांग्रेस 21 मई को शहीदी दिवस पर दो किलोमीटर पदयात्रा करेगी। इसका नेतृत्व सुक्खू करेंगे। पदयात्रा धर्मशाला के संगम पार्क कोतवाली बाजार से वार मेमोरियल तक होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता, पार्टी पदाधिकारी, जिला, ब्लॉक अध्यक्ष तथा अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
नए टिकट परफॉर्मा का प्रस्ताव पारित, संपत्ति-अपराध का ब्योरा देंगे
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने टिकट आवेदकों के लिए एक नया परफॉर्मा दिखाकर इसी पर आवेदन करने का प्रस्ताव भी रखा। इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके मुताबिक आवेदन करने वाले को एक फार्म भरना होगा।
इसमें साफ-साफ लिखना होगा कि वह कब किस पार्टी में रहा और उसने कब कांग्रेस छोड़ी। आवेदकों को ये भी बताना होगा कि वे कब-कब चुनाव हारे हैं। उन्होंने कभी कांग्रेस पार्टी तो नहीं छोड़ी या कभी उन्हें पार्टी से निकाला तो नहीं गया।
वे पहले किस पार्टी में रहे। ये भी कि वे एनएसयूआई, युवा कांग्रेस या कांग्रेस पार्टी के किस अन्य फ्रंटल संगठन में रहे। प्रतिनिधियों ने इस फार्म में आवेदकों की संपत्ति और आपराधिक रिकॉर्ड का विस्तृत ब्योरा भरने का कॉलम जोड़ने की भी सलाह दी। सुक्खू ने कहा कि इस प्रस्ताव को हाईकमान को भेजा जाएगा। सीएम वीरभद्र सिंह से भी इस पर चर्चा होगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में एआईसीसी से हिमाचल के एपीआरओ अमित शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रंगीलाराम राव, पार्टी उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, महासचिव रामलाल ठाकुर, हरभजन सिंह भज्जी, कुलदीप पठानिया, नरेश चौहान, संजय अवस्थी, सुंदर ठाकुर, विनोद सुल्तानपुरी विधायक किशोरी लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता नेगी आदि उपस्थित रहे।