Himachal: कॉलेज जा रही छात्रा की सरेराह निर्मम हत्या; दराट से गर्दन पर किए सात से आठ वार, हाथ भी काटा
मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दराट से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के गले में बाईं तरफ सात से आठ बार वार किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दराट से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के गले में बाईं तरफ सात से आठ बार वार किए, जिससे गर्दन लगभग धड़ से अलग ही हो गई और बचाव में उठाया गया हाथ भी बुरी तरह कट गया। छात्रा के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर वारदात के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश भड़क गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन गुस्साए लोगों ने सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौहीं में चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल हत्या के कारण साफ नहीं हो पाए हैं। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बीवॉक प्रथम वर्ष में पढ़ रही थीं छात्रा, एसएफआई की पदाधिकारी थीं
दिल दहला देने वाली यह वारदात मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के बैंजी गांव में सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे की है। छात्रा स्थानीय कॉलेज में बीवॉक प्रथम वर्ष में पढ़ रही थीं और एसएफआई की पदाधिकारी थीं। आरोपी युवक की पहचान विकास उर्फ रिशु पटियाल (35) निवासी गांव थिरों डाकघर गोपालपुर तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। आरोपी छात्रा की पंचायत का निवासी है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। शव को देखने से प्रतीत हो रहा है कि घटना में युवती ने हमलावर से बचने का प्रयास किया और हाथ को आगे किया। इसी में उसका हाथ कट गया।
झाड़ियों में छिप गया था आरोपी, ग्रामीणों ने दबोचा, की पिटाई
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया और नगला नाला के पास छिप गया। ग्रामीणों ने एक घर में लगे सीसीटीवी से आरोपी को ट्रेस किया, जिसमें आरोपी हुड पहने नजर आया। निर्मम हत्या के बाद गुस्से से उबल रहे लोगों का सब्र भी टूट गया। भारी संख्या में एकत्रित हुई भीड़ ने चारों ओर घेरा डाल दिया और नगला नाला के पास गेहूं के खेत और झाड़ियों में छिपे आरोपी को दबोच लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के हाथ और पांव रस्सी से बांध दिए ताकि भाग न सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी मुख्यालय से क्यूआरटी बुला ली। हर कोई आरोपी को तुरंत सजा देना चाहता था। भीड़ इतनी उग्र हो गई कि आरोपी को उनके बीच से सुरक्षित निकालना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया। भड़के लोगों को डीएसपी संजीव कुमार गौतम ने शांत करवाया और कानूनन सजा दिलाने का आश्वासन दिया। आखिर दो घंटे बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सूझबूझ से निकाल ले गई।
सहेली ने सबसे पहले देखा खून से लथपथ शव
पुलिस के अनुसार नैण गांव निवासी छात्रा सुबह करीब 9 बजे अपने घर से सरकाघाट कॉलेज के लिए निकली। उसे करीब आधा किलोमीटर पैदल सफर करने के बाद मौहीं से बस से कॉलेज पहुंचना था। गोपालपुर में उसे अपनी सहेली से मिलना था, जो उसका इंतजार कर रही थी। सहेली ने करीब 9:13 बजे छात्रा को फोन कर पूछा कि कब तक पहुंचोगी। तो उसने जल्दी पहुंचने की बात कही, लेकिन वह 9:22 बजे तक नहीं पहुंची। सहेली ने दोबारा कॉल की तो कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान सहेली को पास से चिल्लाने और शोर की आवाज सुनाई देने लगीं। वह पीछे की ओर गई तो देखा कि छात्रा खून से लथपथ पड़ी थी। यह देखकर वह घबरा गई और तुरंत अपने पिता को फोन किया। सूचना मिलते ही उसके पिता मौके पर पहुंच गए। गांव के अन्य लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। स्थानीय अधिवक्ता मनीष ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच एक व्यक्ति, जो बाइक पर वहां से गुजर रहा था, उसने बताया कि उसने एक व्यक्ति को दराट के साथ जाते हुए देखा। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। आरएफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
बेटी को देख मां बेसुध, चाचा ने दूसरे लोगों की भूमिका पर भी जताया शक
सूचना मिलते ही छात्रा की मां भी मौके पर पहुंचीं। वह खून से लथपथ बेटी का शव देखकर बिलख-बिलख कर रो पड़ीं और बेसुध हो गईं। मां की चीख पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। छात्रा के पिता बद्दी में ट्रक चालक हैं। बड़ी बहन पिता के साथ बद्दी में ही नौकरी करती है। छोटी बहन ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है। वहीं, मृतका के चाचा ने शक जताया कि इस मामले में किन्हीं दूसरे लोगों की भी भूमिका हो सकती है। ऐसे में मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता की जांच की जाए।
एसपी मंडी ने ये कहा
हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। तकनीकी तौर पर भी जांच पड़ताल की जाएगी। आसपास के लाेगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी सनकी लग रहा है। एक महिला से सीसीटीवी से आरोपी की पहचान की है। - विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मंडी
महिला आयोग ने लिया संज्ञान, एसपी से तलब की रिपोर्ट
सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने इस मामले में मंडी के एसपी को कड़ी कार्रवाई करने को कहा है और पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही कहा कि आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए हम सब को मिल कर काम करना होगा ताकि महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हों।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.