{"_id":"60d1e0188ebc3e32e34fb376","slug":"himachal-cabinet-meeting-decision-today-22-june-2021-live-updates-buses-will-run-on-interstate-routes-from-july-1-e-covid-pass-mandatory","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: एक जुलाई से अंतरराज्यीय रूटों पर चलेंगी बसें, ई-पास की अनिवार्यता खत्म, रात आठ बजे तक खुलेंगी दुकानें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: एक जुलाई से अंतरराज्यीय रूटों पर चलेंगी बसें, ई-पास की अनिवार्यता खत्म, रात आठ बजे तक खुलेंगी दुकानें
Tue, 22 Jun 2021 09:43 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 22 Jun 2021 09:43 PM IST
सार
राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
विज्ञापन
हिमाचल कैबिनेट की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले कम होने के बाद जयराम मंत्रिमंडल ने कई रियायतें बढ़ाने को मंजूरी दी है। बुधवार से प्रदेश में सभी दुकानें अब सुबह 9:00 से शाम 8:00 बजे तक खुल सकेंगी। रेस्तरां-ढाबों में रात 10 बजे तक खाना परोसा जा सकेगा। जिम, सिनेमाहाल, पार्क, गोल्फ कोर्स, ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को खोलने की मंजूरी भी दे दी गई है। बैठक के बाद राज्य आपदा प्रबंधन सेल ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
विज्ञापन
तय किया गया है कि एक जुलाई से बाहरी राज्यों के लिए 50 फीसदी यात्रियों के साथ बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। हिमाचल में प्रवेश के लिए ई-पंजीकरण की व्यवस्था भी खत्म हो जाएगी। इसी दिन से धार्मिक स्थलों को भी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन धार्मिक आयोजन नहीं होंगे। इसके अलावा इंजीनियरिंग, पॉलीटेक्निक कॉलेज और आईटीआई भी एक जुलाई से खोल दिए जाएंगे। हालांकि, सभी संबंधित विभागों की ओर से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किया जाएगा। बैठक में कैबिनेट ने 12वीं कक्षा के परिणाम के नए फॉर्मूले को भी मंजूरी दी है।
विज्ञापन
52 दिन बाद बाहरी राज्यों के लिए शुरू होगी परिवहन सेवा
प्रदेश सरकार ने अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं शुरू करने के फैसले से बाहरी राज्यों में नौकरी, कारोबार करने वालों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
बता दें 7 मई को बाहरी राज्यों के लिए बस सेवाएं बंद हुई थीं, 52 दिन बाद वोल्वो और साधारण बसें हिमाचल से बाहर दौड़ेंगी। हिमाचल के सभी जिलों से बाहरी राज्यों के लिए 708 रूटों पर बसें चलती हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, पानीपत, हरियाणा, अमृतसर और अन्य रूट शामिल हैं। परिवहन विभाग का मानना है कि बाहरी राज्यों के यह सभी रूट फायदे वाले हैं।
विज्ञापन
शादियों में अब 100 लोग
कैबिनेट ने फैसला लिया है कि शादियों समेत सभी सामाजिक, शैक्षणिक, मनोरंजन, सांस्कृतिक, राजनीतिक व अन्य समारोहों में इंडोर क्षमता के 50 फीसदी और अधिकतम 50 लोग आ सकेंगे जबकि खुले में होने वाले समारोहों में अधिकतम 100 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। अंतिम संस्कार में सिर्फ 50 लोग शामिल हो सकेंगे।
खिलाड़ियों का पोषाहार भत्ता किया दोगुना
शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों का पोषाहार भत्ता दोगुना करने का निर्णय भी लिया गया है। खंड स्तर पर पोषाहार भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये, आंचलिक व जिला स्तर पर 60 रुपये से बढ़ाकर 120 और राज्य स्तर पर 75 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन प्रति छात्र किया गया है। मंत्रिमंडल ने शिक्षा विभाग के अंशकालिक जलवाहकों के मानदेय को एक अप्रैल 2021 से 300 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से विभाग के लगभग 1252 अंशकालिक जलवाहक लाभान्वित होंगे।
विभिन्न विभागों में भरे जाएंगे पद
कैबिनेट ने सोलन जिला के बद्दी में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो का नया पुलिस थाना स्थापित करने व इसमें विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृजित कर उन्हें भरने की मंजूरी प्रदान की। कैबिनेट ने अभियोजन विभाग में सीधी भर्ती द्वारा अनुबंध आधार पर सहायक जिला न्यायवादी के 25 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में जिला किन्नौर के कल्पा में नए खोले गए उप-कारागार के लिए विभिन्न श्रेणियों के 30 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। सोलन जिले के दून विधानसभा क्षेत्र के तहत बद्दी में जल शक्ति विभाग के नए मंडल के अलावा साई में नया जल शक्ति अनुभाग खोलने अनुमति प्रदान की।
स्कूलों को अपग्रेड किया
कैबिनेट ने जिला चंबा में राजकीय माध्यमिक पाठशाला मनकोट, कुठेड़, केगा, घट्टा, सरोग को राजकीय उच्च पाठशाला और राजकीय उच्च पाठशाला बन्जवार, सिंगाधार और ढाडू को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। इन पाठशालाओं के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। जयराम कैबिनेट ने सीबीएसई के फार्मूले में संशोधन करते हुए 12वीं कक्षा का परिणाम तैयार करने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश के ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 26 जून से 25 जुलाई तक अवकाश रहेगा।
तीसरी लहर के लिए तैयारी जोरों पर: भारद्वाज
कैबिनेट ब्रीफिंग करते हुए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विस्तार से प्रस्तुति दी गई। कोविड 19 की दूसरी लहर में सक्रिय सक्रिय और मौत के मामलों में भी कमी आई है। यह कमी धीरे-धीरे आ रही है। रिकवरी रेट ज्यादा है। इसलिए ये निर्णय हुए हैं। हालांकि, अभी भी 2400 एक्टिव केस प्रदेश में हैं। तीसरी लहर के लिए सरकार पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है। बच्चों के लिए तीसरी लहर घातक होगी तो इसके लिए अभी से तैयारी की जा रही है।