उपचुनाव हिमाचल: कांग्रेस हाईकमान जल्द करेगा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने केंद्रीय नेताओं के साथ प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद एक लाइन का प्रस्ताव भी सौंपा है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने यह प्रस्ताव हाईकमान को भेजा है। इसमें कहा है कि हाईकमान ही प्रत्याशियों के नाम तय करे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस हाईकमान हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव के लिए मंगलवार या बुधवार को पार्टी प्रत्याशियों के नाम का एलान करेगा। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने केंद्रीय नेताओं के साथ प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद एक लाइन का प्रस्ताव भी सौंपा है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने यह प्रस्ताव हाईकमान को भेजा है। इसमें कहा है कि हाईकमान ही प्रत्याशियों के नाम तय करे। उल्लेखनीय है कि मंडी संसदीय सहित जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक नाम भेजा गया है।
ये भी पढ़ें: चुनाव: लाहौल-स्पीति जिला परिषद में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा ने जीतीं चार सीटें
इन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को लेकर फिलहाल कोई विवाद नहीं है, क्योंकि प्रदेश कांग्रेस ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से आवेदन तक आमंत्रित नहीं किए। ब्लॉक कांग्रेस की तरफ से जो नाम सुझाए गए हैं, उनको हाईकमान के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। तीनों सीटों पर राजपूतों के नाम सुझाकर भेजे गए हैं। अर्की विधानसभा सीट के लिए राजपूत और ब्राह्मण के नाम पर ही विचार होना है। इस सीट पर राजेंद्र ठाकुर और संजय अवस्थी का नाम हाईकमान के पास भेजा गया है। अब हाईकमान तय करेगा कि अर्की सीट पर ब्राह्मण को उप चुनाव में उतारा जाए तो संजय अवस्थी बाजी मार जाएंगे। अगर राजपूत पर दांव खेला गया तो राजेंद्र ठाकुर को चुनावी दंगल में उतारा जाएगा।
सह प्रभारी संजय दत्त आज से फील्ड में उतरकर नेताओं की लेंगे टोह
वहीं प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त मंगलवार से फील्ड में उतरकर नेताओं की टोह लेंगे। वह पार्टी के नेताओं से चर्चा कर चुनाव प्रचार को लेकर ठोस नीति बनाएंगे। नाराज चल रहे नेताओं को मनाने का भी प्रयास करेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र सहित अर्की, जुब्वल-कोटखाई और फतेहपुर के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे कि किन-किन मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच जाएं। पार्टी प्रत्याशियों के नाम पर केंद्रीय नेताओं से चर्चा के बाद पार्टी के सह प्रभारी मंगलवार को हिमाचल लौटेंगे। इसके बाद 16 अक्तूबर तक उपचुनाव में प्रचार को लेकर ठोस रणनीति बनाएंगे।
मंडी संसदीय क्षेत्र सहित अर्की, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए ब्लॉक और जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के बाद चुनाव प्रचार की रणनीति के तहत जनता के बीच जाएंगे। पार्टी नेताओं से बातचीत का भी दौर चलेगा। स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी की जाएगी।
पार्टी के सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि वह केंद्रीय नेताओं से मिलने के बाद मंगलवार को शिमला पहुंच रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर शिमला के लिए रवान हो चुके हैं। दत्त 16 अक्तूबर तक पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।
ये भी पढ़ें: मौसम: हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, धर्मशाला-कुल्लू में झमाझम बारिश
दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर लौटे विक्रमादित्य
विधायक विक्रमादित्य सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर शिमला लौट आए हैं। उन्होंने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल और पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार मंडी संसदीय सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पूरी ताकत से जुटने को हरी झंडी दे दी है। साथ ही वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बैठाकर उप चुनाव में उतरने के लिए कह दिया है।