भाजपा बिना दूल्हे की बारात, कांग्रेस एकजुट : वीरभद्र सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार मंडी जिला में चार जनसभाएं कीं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जो विकास करवाते हैं, वोट उन्हीं को मिलते हैं। कांग्रेस सरकार ने पांच साल के शासन में अभूतपूर्व विकास किया है।
इसके दम पर कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में रिपीट करेगी। सीएम बालीचौकी, करसोग, सुंदरनगर और चैलचौक में जनसभाओं में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे बिना दूल्हे की बारात करार दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री के पद के कई दावेदार होने से आपस में गुटबाजी साफ नजर आ रही है। कांग्रेस पूरी तरह से एकजुटता के साथ चुनाव में है। 9 नवंबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस को अपना मत देकर विकास के एजेंडे पर मोहर लगाएगी।
इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर और करसोग विस क्षेत्र में विकास कांग्रेस की देन है। सुंदरनगर से कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक एवं सीपीएस सोहन लाल और करसोग के विधायक व सीपीएस मनसा राम समर्थकों के साथ मौजूद रहे। वहीं बालीचौकी में सिराज के प्रत्याशी चेतराम ठाकुर भी मौजूद रहे।
सुखराम और परमार फैैक्टर का तोड़ तलाश रही कांग्रेस
पंडित सुखराम और डॉ. वाईएस परमार के वारिसों के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल की रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी के दिग्गज इससे होने वाले नुकसान की भरपाई का तोड़ तलाश रहे हैं। कांग्रेस ने इन क्षेत्रों में प्रचार भी तेज कर दिया है।
आगामी दिनों मेें मंडी और सिरमौर जिलों पर और ज्यादा फोकस किया जाएगा। सोमवार को खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंडी जिले में प्रचार किया। उनका ये प्रचार मंडी जिले के करसोग और सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्रों के अलावा सिराज के बालीचौकी, नाचन के चैल चौक और पंडित सुखराम के बेटे अनिल शर्मा की सीट मंडी सदर में चला।
केंद्र से आ रहे कई नेताओं की प्रचार रैलियां भी आगामी दिनों में मंडी पर फोकस होने वाली हैं। पंडित सुखराम का प्रभाव पूरे मंडी क्षेत्र पर रहा है। इसीलिए कांग्रेस सुखराम फै क्टर को यहां निष्क्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है। सिरमौर जिले में भी प्रचार कार्य तेज किया जाएगा।
डॉ. परमार के पोते को अपनी ओर मिला लेने के भाजपा के नए पैंतरे का भी कांग्रेस जवाब देगी। कांग्रेस के रणनीतिकार डॉ. परमार के अन्य परिवारजनों से संपर्क साधने और उन्हें पार्टी में बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
इसी क्रम में आगामी दिनों में नाहन समेत सिरमौर के कई क्षेत्रों में कांग्रेस की रैलियां होंगी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी कहते हैं कि भाजपा की हर चाल का आगामी दिनों में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी पैंतरा कामयाब नहीं होगा।